हरमनप्रीत कौर का टी-20 विश्व कप में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच से करेगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हरमनप्रीत कौर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। वह अपनी बल्लेबाजों से इस अहम टूर्नामेंट में कमाल करना चाहेंगी। इसके साथ-साथ अपनी कप्तानी में भारत को पहला खिताब जिताने का प्रयास करेंगी। आइए टी-20 विश्व कप में हरमनप्रीत के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाली भारतीय हैं हरमनप्रीत
हरमनप्रीत ने टी-20 विश्व कप में अब तक कुल 39 मैच खेले हैं, जिसमें 25.03 की औसत और 112.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 726 रन बनाए हैं। उन्होंने इस वैश्विक टूर्नामेंट में 1 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह 2 पारियों में बिना खाता खोले भी आउट हुई हैं। वह टी-20 विश्व कप में भारत की ओर से संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। मिताली राज ने भी 726 रन बनाए हैं।
2024
टी-20 विश्व कप 2024 में हरमनप्रीत का प्रदर्शन
भले ही हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम टी-20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी हो, लेकिन उन्होंने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया। भारतीय कप्तान ने 4 पारियों में 133.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 150 रन बनाए थे। उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारी भी खेली थी। उनके अलावा कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज 100 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी थी। शफाली वर्मा ने 4 पारियों में 105.43 की स्ट्राइक रेट के साथ 97 रन बनाए थे।
आंकड़े
बतौर कप्तान बल्लेबाजी में अच्छा रहा है प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप में कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत ने 19 मैचों में 32.06 की औसत और 125.91 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 481 रन बनाए है। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। बतौर बल्लेबाज उन्होंने टी-20 विश्व कप में कुल 33 पारियों में 25.03 की औसत और 112.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 726 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए।
करियर
शानदार है हरमनप्रीत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
हरमनप्रीत ने साल 2009 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। वह अब तक 197 मैच खेल चुकी हैं। इसकी 176 पारियों में उन्होंने 30.18 की औसत से 4,075 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 17 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। वह इस प्रारूप में न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (4,720) और भारत की स्मृति मंधाना (4,333) के बाद तीसरी सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज है।