Page Loader
IPL 2023: क्या डु प्लेसिस को रोक पाने में सफल हो पाएगी SRH? जानिए आंकड़े 
जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं फाफ डु प्लेसिस (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: क्या डु प्लेसिस को रोक पाने में सफल हो पाएगी SRH? जानिए आंकड़े 

May 17, 2023
02:48 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 65वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें राजीव गांधी स्टेडियम में गुरुवार (18 मई) को भिड़ेंगी। RCB ने 12 में से 6 मैच जीते हुए हैं। प्लेऑफ की दौड़ में जीवित रहने के लिए उन्हें बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। ऐसे में सबकी निगाहें जबरदस्त फॉर्म में चल रहे फाफ डु प्लेसिस पर रहेंगी। आइए डु प्लेसिस के SRH के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में फिलहाल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं डु प्लेसिस 

डु प्लेसिस के लिए यह सीजन जबरदस्त बीत रहा है। उन्होंने IPL 2023 में अब तक 12 मैचों में 57.36 की औसत और 154.27 की स्ट्राइक रेट से 631 रन बनाए हैं। इस बीच वह 84 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। RCB के कप्तान मौजूदा सीजन में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। उनके बाद दूसरे सर्वाधिक रन शुभमन गिल (576) ने बनाए हैं।

बनाम SRH 

SRH के विरुद्ध डु प्लेसिस ने 31.77 की औसत से बनाए हैं रन 

डु प्लेसिस को SRH के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 16 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 31.77 की उम्दा औसत और 133.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 413 रन बनाए हैं। वह SRH के खिलाफ 3 अर्धशतक भी लगा चुके हैं, जिसमें 73* उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। उनके SRH के विरुद्ध पिछले 4 स्कोर क्रमशः 73*, 5, 41 और 56 रहे हैं।

गेंदबाज 

SRH के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ डु प्लेसिस का प्रदर्शन 

IPL में डु प्लेसिस ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ 58 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए हैं। इस बीच भुवनेश्वर ने 1 बार उन्हें आउट किया है। RCB के कप्तान ने टी नटराजन के खिलाफ 4 गेंदों में 8 रन बनाए हैं। इस बीच वह आउट नहीं हुए हैं। डु प्लेसिस ने फजलहक फारूकी के खिलाफ 12 गेंदों में बिना आउट हुए 17 रन बनाए हैं।

IPL करियर 

पिछले मैच में डु प्लेसिस ने पूरे किए थे अपने 4,000 IPL रन 

डु प्लेसिस ने 2012 में पहली बार IPL में शिकरत की थी। उन्होंने अब तक 128 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 36.67 की औसत और 133.80 की स्ट्राइक रेट से 4,034 रन बना लिए हैं। अपने पिछले मैच के दौरान ही उन्होंने IPL में 4,000 रन पूरे किए थे। वह इस आंकड़े को छूने वाले चौथे विदेशी खिलाड़ी बने थे। बता दें, उनसे पहले डेविड वार्नर (6,265), डिविलियर्स (5,162) और क्रिस गेल (4,965) ये आंकड़ा पार कर चुके हैं।