Loading...
महेंद्र सिंह धोनी का IPL में बतौर कप्तान कैसा रहा प्रदर्शन? दर्ज हैं कई बड़े रिकॉर्ड्स
महेंद्र सिंह धोनी का IPL में बतौर कप्तान शानदार रहा है प्रदर्शन

महेंद्र सिंह धोनी का IPL में बतौर कप्तान कैसा रहा प्रदर्शन? दर्ज हैं कई बड़े रिकॉर्ड्स

Nov 17, 2026
04:50 pm

क्या है खबर?

महेंद्र सिंह धोनी ने सक्रिय खिलाड़ी के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कहकर चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के टीम मेंटर की भूमिका संभाली है। धोनी ने लीग में कप्तानी के ऐसे मानक स्थापित किए हैं, जिनके आसपास भी कोई दूसरा कप्तान नहीं ठहरता। 2008 में पहले सीजन से लेकर 2025 तक धोनी ने IPL में सर्वाधिक 235 मैचों में कप्तानी की और 136 जीत दर्ज की है। ऐसे में आइए बतौर कप्तान उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

IPL में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी का रिकॉर्ड

धोनी के नाम IPL में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड है।

क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने 235 मैचों में कप्तानी करते हुए 136 में जीत दर्ज की, जबकि 97 मैचों में उन्हें हार मिली। 2 मैच बारिश के कारण रद्द हुए।

धोनी IPL इतिहास के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने 100 से अधिक मैचों में जीत हासिल की है।

60 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों में उनका जीत प्रतिशत 57.87 प्रतिशत सबसे अधिक है।

जीत

100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं धोनी

धोनी ने 2008 से 2025 के बीच IPL में 221 बार CSK की कप्तानी की।

उन्होंने 131 मैचों में जीत दर्ज की, जबकि 88 में टीम को हार मिली। 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। उनका जीत प्रतिशत 59.27 प्रतिशत रहा।

वह 100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं।

फ्रेंचाइजी ने अपने पांचों IPL खिताब धोनी की कप्तानी में ही जीते हैं। उन्होंने ने IPL 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (RPS) की कप्तानी भी की थी।

ADVERTISEMENT

खिताब

संयुक्त सर्वाधिक 5 खिताब जीतने वाले कप्तान हैं धोनी

CSK लीग की सबसे सफल टीमों में से एक है। धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को 5 IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) दिलाए हैं।

मुंबई इंडियंस (MI) भी रोहित शर्मा की कप्तानी में 5 बार विजेता (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) बनी हैं।

धोनी और रोहित संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5-5 खिताब जीतने वाले कप्तान हैं।

इसी तरह धोनी 2010 और 2011 में लगातार 2 बार IPL खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने थे।

ADVERTISEMENT

फाइनल

10 IPL फाइनल खेलने वाले एकमात्र कप्तान

धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को रिकॉर्ड 10 बार फाइनल (2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2018, 2019, 2021 और 2023) तक पहुंचाया हैं।

इस मामले में कोई अन्य कप्तान 6 बार से ज्यादा फाइनल नहीं खेल पाया है।

इसी तरह धोनी की कप्तानी में CSK की टीम ने अपने शुरुआती लगातार 10 सीजनों (2008-2019) सहित कुल 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई। काेई अन्य टीम अब तक यह कारनामा नहीं कर पाई है।

कप्तानी

200 से अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी

धोनी IPL में 200 से अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद रोहित (158 मैच) उनसे 77 मैच पीछे हैं।

इसके अलावा धोनी खिलाड़ी और कप्तान के रूप में 150 IPL मैचों में जीत का हिस्सा बनने वाले इतिहास के पहले क्रिकेटर भी है।

इस सूची में रोहित दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने IPL में 158 मैचों में कप्तानी करते हुए 87 में जीत दर्ज की है। उन्होंने 67 मैच हारे हैं।

प्रदर्शन

बतौर कप्तान कैसा रहा है धोनी का प्रदर्शन?

धोनी ने IPL में बतौर कप्तान 235 मैचों की 205 पारियों में 38.64 की औसत और 137.05 की स्ट्राइक रेट से 4,794 रन अपने नाम किए।

इस दौरान उन्होंने 84* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 22 अर्धशतक भी जड़े हैं। वह IPL में कप्तान के रूप में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली (4,994) हैं। कप्तान के रूप में धोनी ने सर्वाधिक 223 छक्के भी जड़े हैं।

ADVERTISEMENT