Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: अश्विन के खिलाफ कैसा रहा है बेन स्टोक्स का प्रदर्शन?

भारत बनाम इंग्लैंड: अश्विन के खिलाफ कैसा रहा है बेन स्टोक्स का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Feb 03, 2021
09:20 pm

क्या है खबर?

भारत और इंग्लैंड के बीच पहली टेस्ट 05 फरवरी से चेन्नई में शुरु होने वाला है। 2016/17 के भारत दौरे के बाद से यह पहला मौका होगा जब इंग्लिश टीम भारत में टेस्ट सीरीज खेलेगी। पिछली सीरीज की तरह इस बार जो रूट की अगुवाई वाली इंग्लैंड टीम को स्पिनर्स की कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए काफी बड़ा खतरा होंगे। जानें अश्विन के खिलाफ कैसा रहा है स्टोक्स का प्रदर्शन।

बैटल

ऐसी रही है अश्विन बनाम स्टोक्स बैटल

टेस्ट के नंबर एक ऑलराउंडर स्टोक्स ने 67 मैचों में 37.85 की औसत के साथ 4,428 रन बनाए हैं। दूसरी ओर अश्विन ने 74 टेस्ट में 377 विकेट हासिल किए हैं जिसमें 13/140 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। अब तक अश्विन के खिलाफ स्टोक्स ने 384 गेंदों में 150 रन बनाए हैं और सात बार उनका शिकार बने हैं। इससे साफ पता चलता है कि अश्विन ने स्टोक्स पर दबदबा बनाए रखा है।

जानकारी

2016/17 में पांच बार अश्विन का शिकार हुए थे स्टोक्स

2016/17 सीरीज में अश्विन ने पांच बार स्टोक्स को अपना शिकार बनाया था। उन्होंने स्टोक्स को दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें टेस्ट में आउट किया था। स्टोक्स दो बार पगबाधा और तीन बार कैचआउट हुए थे।

स्टोक्स का शिकार

टेस्ट में दो बार स्टोक्स का शिकार बने हैं अश्विन

भारत में आमतौर पर अश्विन को बल्लेबाजी के लिए ऊपर भेजा जाता है। अश्विन निचले क्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं और उन्होंने चार शतकों की बदौलत 2,467 रन बनाए हैं। स्टोक्स ने भी गेंद से अब तक 158 विकेट हासिल किए हैं जिसमें 8/161 उनका सर्वश्रेष्ठ रहा है। अश्विन ने अब तक स्टोक्स की 76 गेंदों में 43 रन बनाए हैं और दो बार उनका शिकार बने हैं।

उम्मीद

पहले टेस्ट में क्या होंगी उम्मीदें?

हाल में हुई घटनाओं के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जाने के लिए इंग्लैंड को इस सीरीज में तीन टेस्ट जीतने होंगे। चेन्नई की टर्न लेने वाली पिच पर उनका पहला लक्ष्य होगा कि वे स्पिनर्स से खुद को बचाएं। स्टोक्स लंबी पारियां खेलने में सक्षम हैं और उन्होंने पिछले साल इसके कुछ नमूने पेश किए थे। चेपक में अश्विन के बेहतरीन रिकॉर्ड के कारण स्टोक्स के लिए भी कठिनाई रहेगी।