चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में बनाए गए सबसे बड़े टीम स्कोर पर एक नजर
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में शनिवार (22 फरवरी) को इतिहास रचा। उसने इंग्लैंड क्रिकेट टीम द्वारा दिए गए 352 रन के लक्ष्य को 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
उसने 356/5 रन बनाए जो चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे बड़ा रन चेज करने वाली टीम भी बन गई।
ऐसे में आइए चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़े टीम स्कोर जान लेते हैं।
#1
ऑस्ट्रेलिया- 356/5
ऑस्ट्रेलिया अब चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे बड़ा टीम स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है।
मैथ्यू शॉर्ट (63), जोश इंग्लिश (120), एलेक्स केरी (69) और ग्लेन मैक्सवेल (32) की शानदार पारियों के दम पर टीम ने 352 रन का लक्ष्य सिर्फ 47.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
इंग्लिश ने छक्के के साथ कंगारू टीम को जीत दिलाई और उनका स्कोर 356/5 का था। इंग्लिश ने अपने वनडे करियर का पहला शतक भी जड़ा।
#2
इंग्लैंड- 351/8
इसी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 351/8 का स्कोर बनाया था। वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
बेन डकेट ने 143 गेंदों का सामना किया था और 165 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 115.38 की रही।
उनके अलावा जो रूट ने 78 गेंदों का सामना करते हुए 68 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। इस बड़े स्कोर के बावजूद इंग्लैंड की टीम हार गई।
#3
न्यूजीलैंड- 347/4
सूची में तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम है। उसने साल 2004 के चैंपियंस ट्रॉफी में USA क्रिकेट टीम के खिलाफ 347/4 का स्कोर बनाया था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम के लिए नाथन एस्टल ने 151 गेंदों का सामना करते हुए 145 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 13 चौके और 6 छक्के निकले थे। स्कॉट स्टाइरिस के बल्ले से 75 रन निकले थे।
क्रेग मैकमिलन ने 64 रन बनाए थे। USA 210 रन ही बना पाई थी।
#4
पाकिस्तान- 338/4
चौथे स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम है। उसने साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 338/4 का स्कोर बना दिया था।
फखर जमान ने धमाकेदार पारी खेली थी और 106 गेंदों में 114 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 107.54 की रही थी।
जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 158 रन ही बना पाई थी। उसे 180 रन से हार मिली थी।