वनडे क्रिकेट: न्यूजीलैंड की धरती पर इन भारतीय बल्लेबाजों ने खेलीं सबसे बड़ी पारियां
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट खेलना भारतीय बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। यहां की तेज गेंदबाजी के अनुकूल परिस्थितियों और उछाल भरी पिचों पर रन बनाना आसान नहीं होता। इसके बावजूद कई भारतीय दिग्गजों ने अपने बल्ले से कीवी सरजमीं पर यादगार पारियां खेलीं। इन बल्लेबाजों ने न सिर्फ बड़े स्कोर बनाए, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में टीम को मजबूती भी दी। आइए न्यूजीलैंड में वनडे की सबसे बड़ी पारियां खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर (163 रन, साल- 2009)
पहले स्थान पर पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने साल 2009 में क्राइस्टचर्च के मैदान पर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए नाबाद 163 रन की यादगार पारी खेली थी।
उन्होंने 133 गेंदों का सामना करते हुए 16 चौके और 5 छक्के जड़े थे। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 122.55 की थी।
उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 392/4 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड 334 रन पर ऑलआउट हो गई।
#2
वीरेंद्र सहवाग (125* रन, 2009)
इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग हैं।
उन्होंने साल 2009 में हेमिल्टन के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 125 रन की शानदार पारी खेली थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 270/5 का स्कोर बनाया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 23.3 ओवर में 201 रन बना लिए थे। इसके बाद डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) के आधार पर भारत ने 84 रन से जीत दर्ज की थी।
#3
राहुल द्रविड़ (123* रन, साल- 1999)
साल 1999 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर गई थी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पहला वनडे टाउपो में हुआ था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 257/5 का स्कोर बनाया।
राहुल द्रविड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 123 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल था।
इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 100 की थी। हालांकि, जवाब में न्यूजीलैंड ने DLS के तहत 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।
#4
विराट कोहली (123 रन, साल- 2014)
साल 2014 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला नेपियर में हुआ था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 292/7 का स्कोर खड़ा किया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 111 गेंदों में 123 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 2 छक्के निकले थे।
हालांकि, कोहली की इस पारी के बावजूद भारतीय टीम 48.4 ओवर में 268 रन पर सिमट गई थी।