न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में इंग्लैंड की जीत के बाद ऐसी है WTC की अंक तालिका
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 115 रन से करारी शिकस्त दी। यह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 150वां टेस्ट मैच था, जिसमें मेजबान टीम ने जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही इंग्लिश टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में फायदा हुआ है। दूसरी तरफ कीवी टीम को नुकसान का सामना करना पड़ा है। आइए तालिका पर एक नजर डालते हैं।
इंग्लैंड
लॉर्ड्स टेस्ट में 4 गेंदबाजों ने लिए 5 विकेट हॉल
इंग्लैंड ने पहली पारी में काइल जैमीसन की घातक गेंदबाजी (5/62) के सामने 140 रन बनाए। जवाब में मेहमान टीम 113 रन पर ही सिमट गई, जिसमें ओली रॉबिन्सन ने 5 विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने वाली मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में सभी विकेट खोकर 226 रन बनाए। आखिर में जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य को कीवी टीम हासिल नहीं कर सकी। गस एटकिंसन ने आखिरी पारी में 5 विकेट लिए।
इंग्लैंड
इंग्लैंड को हुआ एक पायदान का फायदा
इंग्लैंड की यह मौजूदा चक्र में चौथी जीत साबित हुई, जिसके बाद टीम 7वें स्थान पर पहुंच गई। इंग्लिश टीम ने WTC 2025-27 में 11 मैच खेले हैं, जिसमें 6 में हार झेली है और एक मैच ड्रॉ रहा है। इंग्लैंड के 37.88 प्रतिशत अंक हैं। अंक तालिका में उनसे नीचे पाकिस्तान 8वें और वेस्टइंडीज 9वें स्थान पर है। भारतीय टीम 48.15 प्रतिशत अंक के साथ छठे स्थान पर मौजूद है।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर खिसकी
न्यूजीलैंड की टीम को 2 पायदान का नुकसान हुआ है। कीवी टीम ने इस WTC चक्र में 2 मैच जीते हैं और यह उनकी पहली हार है। इस बीच एक मैच ड्रॉ रहा है। इस हार के बाद न्यूजीलैंड के अब 58.33 प्रतिशत अंक हो गए है। अंक तालिका में बांग्लादेश टीम के भी 58.33 प्रतिशत ही अंक है। बांग्लादेश ने भी 2 मैच जीते हैं और एक में हार (ड्रॉ-1) झेली है।
अन्य टीमें
ऐसी हैं अन्य टीमों की स्थिति
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 87.50 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद है। कंगारू टीम ने इस चक्र में 7 टेस्ट जीते हैं और सिर्फ एक में हार झेली है। दक्षिण अफ्रीका की टीम 75.00 प्रतिशत अंक के साथ अब दूसरे स्थान पर आ गई है। प्रोटियाज टीम ने 3 मैच जीते हैं और एक में हार का सामना किया है। श्रीलंकाई टीम ने एक मैच जीता है और एक ड्रॉ खेला है। फिलहाल श्रीलंका (66.67) तीसरे स्थान पर है।