Page Loader
हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली भारतीय बनीं, रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा
हरमनप्रीत कौर ने खेला 149 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली भारतीय बनीं, रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा

Feb 19, 2023
10:45 am

क्या है खबर?

महिला टी-20 विश्व कप के 14वें मैच में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 11 रन से हरा दिया। यह इस संस्करण में भारत की पहली हार थी। इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। वह सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (महिला और पुरुष दोनों में) खेलने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

हरमनप्रीत ने रोहित को पीछे छोड़ा 

33 वर्षीय हरमनप्रीत ने बीते शनिवार को अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 149वां मैच खेला और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। दूसरी तरफ रोहित की बात करें तो उन्होंने 2007 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच इंग्लैंड के खिलाफ ही खेला था। बता दें, हरमनप्रीत टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी हैं।

करियर 

सर्वाधिक रन वाली भारतीय महिला बल्लेबाज हैं हरमनप्रीत 

हरमनप्रीत 149 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 134 पारियों में 27.97 की औसत के साथ 2,993 रन बना चुकी हैं और सर्वाधिक रन बनाने वाली भारतीय हैं। वह इस प्रारूप में एक शतक और नौ अर्धशतक लगा चुकी हैं। वह विश्व की चौथे सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज हैं। उनसे आगे इस सूची में न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स, ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर हैं।

कप्तानी 

हरमनप्रीत दूसरे सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी बनी 

बीते शनिवार को हरमनप्रीत ने 94वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय में टीम की कप्तानी की और वह विश्व की दूसरी सबसे ज्यादा टी-20 मैचों में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी बनी थी। उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लेट एडवर्ड्स को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 93 टी-20 में कप्तानी की थी। उनसे ज्यादा कप्तानी सिर्फ लैनिंग (98 टी-20) ने की है। हरमनप्रीत ने बतौर कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 30.79 की औसत से 2,063 रन बनाए हैं।

WPL 

हरमनप्रीत को WPL नीलामी में मुंबई ने खरीदा 

हरमनप्रीत को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 1.80 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में अपने साथ जोड़ा है। उन्होंने अपना बेस प्राइज 50 लाख रूपये निर्धारित किया हुआ था। वह ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में खेल चुकी हैं। वह ऑस्ट्रेलियाई लीग में हिस्सा लेने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। हरमन के पास कप्तानी का भी अच्छा अनुभव है तो वह WPL में मुंबई की कप्तानी करते हुए नजर आ सकती है।