Page Loader
GT बनाम SRH: अभिषेक शर्मा ने IPL में पूरे किए अपने 1,000 रन, जानिए उनके आंकड़े
अभिषेक शर्मा ने IPL में पूरे किए अपने 1,000 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

GT बनाम SRH: अभिषेक शर्मा ने IPL में पूरे किए अपने 1,000 रन, जानिए उनके आंकड़े

Mar 31, 2024
04:49 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 12वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अभिषेक शर्मा ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 29 रनों की पारी में बड़ी उपलब्धि हासिल की। अपनी पारी का 13वां रन बनाने ही उनके IPL करियर में 1,000 रन पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल 91वें और SRH के छठे बल्लेबाज बने हैं। वह पारी में 20 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड

विराट कोहली के नाम है IPL में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड

IPL में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज विराट कोहली के नाम दर्ज है, उन्होंने 240 मैचों में 7,444 रन बना रखे हैं। इस सूची में शिखर धवन (6,754) दूसरे, डेविड वार्नर (6,475) तीसरे, रोहित शर्मा (6,280) चौथे और सुरेश रैना (5,528) 5वें पायदान पर हैं। SRH की ओर से सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड वार्नर (4,014) के नाम दर्ज है। सूची में धवन (2,518) दूसरे और केन विलियमसन (2,101) तीसरे नंबर पर हैं।

करियर

कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?

अभिषेक ने साल 2018 में RCB के खिलाफ अपने IPL करियर की आगाज किया था। वह अब तक 50 मैच की 48 पारियों में 24.19 की औसत और 142.70 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,013 रन बना चुके हैं। उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 75 रन का रहा है। वह अब तक 6 बार नाबाद भी रह चुके हैं। इसी तरह उन्होंने 22 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 9 विकेट भी अपने नाम किए हैं।