Page Loader
GT बनाम MI: साई सुदर्शन ने जड़ा IPL 2025 में अपना छठा अर्धशतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
साई सुदर्शन ने खेली धमाकेदार पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

GT बनाम MI: साई सुदर्शन ने जड़ा IPL 2025 में अपना छठा अर्धशतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

May 30, 2025
11:18 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (80) खेली। यह उनके IPL करियर का 12वां और इस संस्करण का छठा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 28 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही GT की टीम मैच में पूरे समय तक बनी रही। आइए सुदर्शन की पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही सुदर्शन की पारी और साझेदारी?

GT को 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जल्द ही कप्तान शुभमन गिल (1) के रूप में पहला झटका लग गया था। इसके बाद सुदर्शन ने कुसल मेंडिस (20) के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 63 रन की साझेदारी निभाई। यहां से सुदर्शन ने वाशिंगन सुंदर (48) के साथ 84 रन साझेदारी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। सुदर्शन 49 गेंदों में 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए।

उपलब्धि

IPL 2025 में 700 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने सुदर्शन

सुदर्शन का IPL 2025 में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। वह इस संस्करण में 700 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वह अब तक 15 मैचों में 54.21 की औसत और 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक के साथ 1 बेहतरीन शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108* रन का रहा है। सुदर्शन ने इस समय ऑरेंज कैप पर भी अपना कब्जा जमा रखा है।

करियर

कैसा रहा है सुदर्शन का IPL करियर?

IPL में सुदर्शन ने अपना पहला मुकाबला साल 2022 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 40 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 40 पारियों में 49.81 की औसत और 145.59 की स्ट्राइक रेट से 1,793 रन बनाए हैं। सुदर्शन ने अपने IPL करियर में 2 शतक के अलावा 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 108 रन रहा है। वह IPL करियर की शुरुआत से ही GT की टीम का हिस्सा रहे हैं।