
शुभमन गिल ने जड़ा IPL 2025 में अपना छठा अर्धशतक, 5,000 टी-20 रन भी पूरे
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 60वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 93* रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
यह उनके IPL करियर का 26वां और DC के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया।
इसी तरह यह उनका इस संस्करण में छठा अर्धशतक रहा। उनकी पारी की बदौलत GT ने आसानी से 10 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
बल्लेबाजी
कैसी रही गिल की पारी और साझेदारी?
200 रन का लक्ष्य लेकर उतरी GT को गिल और साई सुदर्शन (108*) ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई।
दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए पारी को आगे बढ़ाया और कमजोर गेंदों को सीमा रेखा के बाहर का रास्ता दिखाया।
दोनों ने पावरप्ले में 59 रन जोड़े और इसके बाद 205 रन की अविजित साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।
गिल 53 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 93 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
गिल ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 5,000 रन
गिल ने अपनी पारी के दौरान एक अहम उपलब्धि भी हासिल की। पारी का 21वां रन बनाते ही उनके टी-20 क्रिकेट करियर में 5,000 रन भी पूरे हो गए।
उन्होंने 157वें मैच की 154वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की है। उनके अब टी-20 क्रिकेट में करीब 38:00 की औसत और 138 की स्ट्राइक रेट से 5,072 रन हो गए हैं।
इस दौरान उन्होंने 6 शतक के साथ 32 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 129 रन रहा है।
प्रदर्शन
IPL 2025 में कैसा रहा है गिल का प्रदर्शन?
गिल का IPL 2025 में प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। वह 12 मैचों में 60.10 की औसत और 155.69 की स्ट्राइक रेट से 601 रन बना चुके हैं। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इस पारी के साथ वह ऑरेंज कैप की दौड़ में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
इस सूची में GT के ही सुदर्शन (617) पहले और राजस्थान रॉयल्स (RR) के यशस्वी जायसवाल (523) तीसरे नंबर पर हैं।
करियर
कैसा रहा है गिल का IPL करियर?
गिल ने साल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ ही अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 115 मैच खेले हैं, जिसकी 112 पारियों में लगभग 40.17 की औसत और 138.49 की स्ट्राइक रेट से 3,817 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
उनके बल्ले से 4 शतक और 26 अर्धशतक निकले हैं। इस बीच सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129 रन का रहा है।
वह इस लीग में अब तक 118 छक्के और 364 चौके भी जड़ चुके हैं।