Page Loader
IPL में सौरव गांगुली के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर
सौरव गांगुली अभी दिल्ली कैपिटल्स की टीम के मेंटर है (तस्वीर: एक्स/@DelhiCapitals)

IPL में सौरव गांगुली के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर

Apr 10, 2024
09:55 am

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों का अम्बार लगाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था। उन्होंने IPL में 59 मैच खेले, जिसमें 25.45 की औसत के साथ 1,349 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 7 अर्धशतक लगाए। भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में उन्होंने कई बेहतरीन पारियां खेलीं। ऐसे में आइए IPL में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

86 बनाम पंजाब- IPL 2008 

IPL 2008 में गांगुली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे। KKR सीजन का 52वां मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेल रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 6 विकेट खोकर 174 रन बनाए थे। जवाब में गांगुली ने 53 गेंद का सामना किया और 86 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 162.26 की रही थी। KKR ने यह मुकाबला 3 विकेट से जीता था।

#2

91 बनाम हैदराबाद- IPL 2009

IPL 2009 में KKR अपना 32वां मुकाबला हैदराबाद के खिलाफ खेलने उतरी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 4 विकेट खोकर 204 रन बना दिए थे। गांगुली ने 57 गेंद का सामना किया था और 91 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 159.64 की रही थी। गांगुली ने मुकाबले में 2 विकेट भी झटके थे। KKR को 23 रन से मैच में जीत मिली थी।

#3

88 बनाम हैदराबाद- IPL 2010

IPL 2010 में एक बार फिर गांगुली का बल्ला हैदराबाद के खिलाफ गरजा था। सीजन के 30वें मुकाबले में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 181 रन बना दिए थे। गांगुली सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए थे और 54 गेंद का सामना करते हुए 88 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 162.96 की रही थी। KKR को मैच में 24 रन से जीत मिली थी।

#4

41 बनाम दिल्ली- IPL 2012

IPL 2012 में गांगुली पुणे वॉरियर्स के कप्तान थे। सीजन के 27वें मुकाबले में टीम का सामना दिल्ली डेवरडेविल्स अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुआ था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुणे ने 3 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे। गांगुली ने 35 गेंद का सामना किया था और 41 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला था। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 2 विकेट भी लिए थे। टीम को 20 रन से जीत मिली थी।