Page Loader
IPL में महेला जयवर्धने के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
महेला जयवर्धने ने IPL में कई शानदार पारियां खेली हैं (तस्वीर: एक्स/@mipaltan)

IPL में महेला जयवर्धने के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 09, 2024
09:42 am

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने मुंबई इंडियंस (MI) के ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट हैं। यह खिलाड़ी साल 2008 से 2013 तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कई फ्रेंचाइजी के लिए खेला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका के लिए कई मुकाबलों में जीत दिलाने वाले जयवर्धने IPL में भी कई मैच जिताऊ पारी खेली हैं। वह सनथ जयसूर्या के बाद IPL में शतक लगाने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज थे। आइए उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

110* बनाम कोलकाता- IPL 2010

IPL 2010 में जयवर्धने किंग्स इलेव पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम का हिस्सा थे। सीजन का 34वां मुकाबला पंजाब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेलने उतरी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 3 विकेट खोकर 200 रन बना दिए थे। जवाब में जयवर्धने के बल्ले से 59 गेंद में 110 रन निकले। उन्होंने 14 चौके और 3 छक्के जड़े। उनकी स्ट्राइक रेट 186.44 की रही। पंजाब को मैच में 8 विकेट से शानदार जीत मिली थी।

#2

52* बनाम कोलकाता- IPL 2009

IPL 2009 में जयवर्धने ने KKR के खिलाफ एक और शानदार पारी खेली थी। वह उस सीजन पंजाब की टीम का हिस्सा थे। 27वें मैच में KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे। जयवर्धने ने 41 गेंद का सामना किया और 52* रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके निकले। पंजाब को मैच में 6 विकेट से जीत मिली टीम के 2 विकेट जल्दी गिर गए थे, लेकिन जयवर्धने आखिरी तक मैदान पर डटे रहे थे।

#3

76 बनाम पंजाब- IPL 2011 

IPL 2011 में जयवर्धने कोच्चि टस्कर्स केरल के कप्तान थे। सीजन का 57वां मुकाबला टीम पंजाब के खिलाफ खेल रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोच्चि ने 7 विकेट खोकर 178 रन बना दिए थे। जयवर्धने ने 52 गेंद का सामना किया था और 76 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 146.15 की रही थी। हालांकि, वह मुकाबला कोच्चि 6 विकेट से हार गई थी।

#4

56 बनाम MI- IPL 2011 

IPL 2011 का 13वां मुकाबला केरल और MI के बीच खेला गया था। पहली पारी में MI के लिए सचिन तेंदुलकर ने शतक (100) जड़ दिया था। टीम ने 20 ओवर में 182 रन बनाए थे। जवाब में जयवर्धने ने 36 गेंद में 56 रन की शानदार पारी खेली थी। उनके बल्ले से 9 चौके निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 155.56 की रही थी। केरल ने सचिन के शतक के बावजूद यह मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम किया था।