
ग्लेन फिलिप्स जिम्बाब्वे दौरे से हुए बाहर, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स जांघ की चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें मेजर लीग क्रिकेट के फाइनल के दौरान लगी थी। जिम्बाब्वे पहुंचने पर जांच में पता चला कि फिलिप्स को ठीक होने में कई हफ्ते लगेंगे। उनकी जगह टीम से जुड़े टिम रॉबिन्सन त्रिकोणीय टी-20 सीरीज के बाकी मुकाबलों में भी टीम के साथ रहेंगे। ऐसे में आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
चोट
IPL में भी चोटिल हुए थे फिलिप्स
फिलिप्स ने मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम की तरफ से 10 मुकाबले खेले थे, जिसमें फाइनल भी शामिल था। उनकी टीम को हार मिली थी। उन्होंने 62 की औसत से कुल 186 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 139.84 की रही थी। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में भी वे ज्यादातर मुकाबलों से बाहर रहे थे। गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेलते हुए उन्हें इसी तरह की जांघ में चोट लगी थी, जिसके कारण उनका संस्करण प्रभावित हुआ था।
बयान
कोच रॉब वॉल्टर ने क्या कहा?
न्यूजीलैंड के नए मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "फिलिप्स जैसा खिलाड़ी खोना निराशाजनक है। फिन एलन की तरह हम फिलिप्स के लिए भी दुखी हैं कि वह इस सीरीज से बाहर हो गया है। हमें पता है कि वह न्यूजीलैंड के लिए मैदान पर उतरने को उत्सुक था, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाएगा। हमें यकीन है कि वह जल्द वापसी के लिए कड़ी मेहनत करेगा और हम उसके फिर से खेलने का इंतजार करेंगे।"
वापस
वापस न्यूजीलैंड लौटे फिलिप्स
फिलिप्स अब मिश हाए और जिम्मी नीशम के साथ न्यूजीलैंड लौटेंगे, जो टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में गए थे। फिलिप्स जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम का भी हिस्सा थे। हालांकि, अब वे चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड ने फिलहाल उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी का नाम घोषित नहीं किया है। टीम प्रबंधन जल्द ही इस पर फैसला ले सकता है।
जानकारी
एलन भी हुए थे चोटिल
न्यूजीलैंड को सलामी बल्लेबाज एलन की कमी भी खल रही है। उन्हें शुरुआती टीम में शामिल किया गया था, लेकिन मेजर लीग क्रिकेट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेलते समय पैर में चोट लगने के कारण उन्हें बाद में बाहर होना पड़ा।