Page Loader
क्रिस गेल की हुई कैरेबियन प्रीमियर लीग में वापसी, जानें किस टीम का हिस्सा होंगे

क्रिस गेल की हुई कैरेबियन प्रीमियर लीग में वापसी, जानें किस टीम का हिस्सा होंगे

May 28, 2021
11:56 am

क्या है खबर?

पिछले बार व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) नहीं खेलने वाले क्रिस गेल की आगामी सीजन के लिए वापसी हुई है। वह 28 अगस्त से शुरू होने वाले CPL 2021 में अपनी पुरानी टीम सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स में खेलते हुए नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम एकाउंट से इस बारे में ऐलान किया है। एक नजर पूरी खबर पर।

CPL 2017

गेल की कप्तानी में उपविजेता रही थी सेंट किट्स

गेल अपने पुरानी टीम सेंट किट्स की कप्तानी भी कर चुके हैं। गेल की कप्तानी में सेंट किट्स CPL 2017 में उपविजेता रही थी। फाइनल मुकाबले में उन्हें त्रिनबागो नाइट राइडर्स से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं पिछले सीजन में सेंट किट्स 10 में से एक मैच जीतकर अंक तालिका में आखिरी पायदान पर रही थी। इसके अलावा गेल अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी जमैका तल्लावाह के लिए चार सीजन खेल चुके हैं। इस बीच उन्होंने दो खिताब भी जीते हैं।

आंकड़े

CPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं गेल

CPL इतिहास में गेल फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 74 पारियों में 39.23 की बेहतरीन औसत से 2,354 रन बनाए हैं। ये रन उन्होंने 133.44 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस बीच उन्होंने चार शतक और 13 अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं लेंडल सीमंस 80 पारियों में 33.83 की औसत से 2,436 रन बनाकर लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

ट्विटर पोस्ट

सेंट लूसिया जौक्स ने किया डुप्लेसी का स्वागत

जानकारी

डुप्लेसी जौक्स में जबकि शाकिब तल्लावाह में वापस लौटे

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी भी CPL में वापस लौटे हैं। वह सेंट लूसिया जौक्स की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें डुप्लेसी ने स्थगित हुई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने IPL के इस सीजन में सात पारियों में 320 रन बनाए थे। वहीं बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन जमैका तल्लावाह में लौटे हैं। शाकिब इससे पहले 2016 और 1017 में तल्लावाह से खेल चुके हैं।

कार्यक्रम

28 अगस्त से 19 सितंबर तक खेली जाएगी CPL 2021

इस बार कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2021 की शुरुआत 28 अगस्त से होनी है। वहीं इसका फाइनल मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट की आयोजन समिति ने यह पुष्टि की है। पिछली बार की तरह इस बार भी CPL का आयोजन बायो बबल में किया जाएगा। हालांकि, टूर्नामेंट को इस बार त्रिनिदाद और टोबैगो से सेंट किट्स एंड नेविस में शिफ्ट कर दिया गया है।