Page Loader
जल्द ही कराया जाएगा संपूर्ण और बड़े महिला IPL का आयोजन- जय शाह
जय शाह

जल्द ही कराया जाएगा संपूर्ण और बड़े महिला IPL का आयोजन- जय शाह

लेखन Neeraj Pandey
Feb 07, 2022
02:58 pm

क्या है खबर?

लंबे समय से महिलाओं के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आयोजन की मांग हो रही है और अब ऐसा लग रहा है कि लोगों की यह मांग पूरी होने वाली है। दरअसल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) संपूर्ण महिला IPL के आयोजन की तैयारी कर रहा है। बोर्ड के सेक्रेटरी जय शाह के मुताबिक अगले साल से संपूर्ण महिला IPL का आयोजन किया जा सकता है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

बयान

संपूर्ण महिला IPL कराने की कोशिश में लगी है BCCI- शाह

Reuters के साथ बातचीत में शाह ने कहा कि बोर्ड IPL जैसे ही महिलाओं के लिए भी संपूर्ण लीग कराने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने आगे कहा, "फैंस और खिलाड़ियों ने विमेंस टी-20 चैलेंज को जो प्यार दिया है वह काफी अच्छा संकेत है और हम सभी इसे वास्तविकता बनाने के लिए लगे हुए हैं।" फिलहाल बोर्ड तीन टीमों की टी-20 चैलेंज का आयोजन करती है।

महिला बिग बैश लीग

महिला बिग बैश के सात संस्करण आयोजित कर चुका है ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने महिला बिग बैश लीग के सात और इंग्लैंड ने महिला टी-20 लीग किया सुपर लीग के चार संस्करण आयोजित कर लिए हैं। महिला बिग बैश में आठ टीमें खेलती हैं और इसमें दुनियाभर की महिला क्रिकेटर्स हिस्सा लेती हैं। BCCI ने भी टी-20 चैलेंज की शुरुआत दो टीमों के साथ की थी, लेकिन 2020 में टीमों की संख्या को बढ़ाकर चार किया गया था। अब देखना होगा कि संपूर्ण लीग के लिए कितनी टीमें नजर आती हैं।

सौरव गांगुली

गांगुली ने भी कहा था 2023 से होगा महिला IPL का आयोजन

हाल ही में BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी कहा था कि बोर्ड अगले साल से महिला IPL के आयोजन के लिए तैयार है। गांगुली ने कहा था, "हम संपूर्ण महिला IPL के आयोजन के लिए तैयार हैं। निश्चित तौर पर यह होने वाला है। मेरे हिसाब से 2023 से इसकी शुरुआत करना एकदम सही समय होगा। पुरुष टूर्नामेंट की तरह महिलाओं का टूर्नामेंट भी काफी सफल होगा।"

सुझाव

2019 में ही गांगुली ने दिया था बड़े महिला IPL का सुझाव

2019 में ही गांगुली ने सुझाव दिया था कि 2023 से सात टीमों के महिला IPL का आयोजन किया जा सकता है। गांगुली को भरोसा था कि चार साल में अधिक महिला क्रिकेटर्स देखने को मिलेंगी। फिलहाल भारत के हर घरेलू सीजन में लगभग 1,100 महिला क्रिकेटर्स खुद का रजिस्ट्रेशन कराती हैं। लगभग 40 खिलाड़ी ऐसी हैं जिन्होंने 2018-19 सीजन के बाद भारत के लिए खेला है या फिर खेलने के एकदम करीब हैं।