LOADING...
शरत कमल समेत चार भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

शरत कमल समेत चार भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

लेखन Neeraj Pandey
Mar 19, 2021
12:20 pm

क्या है खबर?

जापान की राजधानी टोक्यो में इस साल ओलंपिक खेलों का आयोजन होना है और इसके लिए कई जगह पर अलग-अलग खेलों के क्वालीफायर मुकाबले खेले जा रहे हैं। ऐसे ही क्वालीफायर टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके अनुभवी भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल ने टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया है। कमल के अलावा भारत के तीन और टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है।

शरत कमल

टोक्यो ओलंपिक टिकट हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं टेबल टेनिस खिलाड़ी कमल

बीते गुरुवार को शरत कमल टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी बने थे। उन्होंने दोहा में चल रहे एशियन ओलंपिक क्वालिफिकेशन में पाकिस्तान के मुहम्मद रमीज को हराकर ओलंपिक टिकट हासिल किया है। कमल ने रमीज को साउथ एशिया ग्रुप के दूसरे पुरुष एकल राउंड-रॉबिन मुकाबले में 11-4, 11-1, 11-5, 11-4 के अंतर से हराया। कमल को मैच जीतने में 22 मिनट से भी कम समय लगा था।

गनाशेकरन सथियान

गनाशेकरन सथियान ने भी किया क्वालीफाई

सर्वोच्च वरीयता वाले भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी गनाशेकरन सथियान ने भी टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया है। सथियान ने साथी खिलाड़ी शरत कमल को 9-11, 13-15, 11-5, 11-7, 12-10, 9-11, 8-11 के अंतर से हराया था। फाइनल राउंड रॉबिन मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ी रमीज को हराने के बाद सथियान अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंचे थे और इसके साथ ही उन्होंने टोक्यो ओलंपिक का टिकट भी हासिल किया था।

Advertisement

महिला खिलाड़ी

इन महिला खिलाड़ियों ने भी किया क्वालीफाई

भारत की दूसरी वरीयता प्राप्त सिंगल्स महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी सुतीर्था मुखर्जी ने सर्वोच्च वरीयता रखने वाली मनिका बत्रा को हराते हुए टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल किया है। पहली बार वह ओलंपिक में हिस्सा लेंगी। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली बत्रा ने एशियन क्वालीफायर्स में सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी रहने के कारण ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। वह क्वालीफायर्स में दूसरे स्थान पर रही थीं।

Advertisement

भवानी देवी

ओलंपिक में जाने वाली पहली भारतीय तलवारबाज होंगी भवानी

भारतीय महिला तलवारबाज (फेंसर) खिलाड़ी सीए भवानी देवी ने पिछले हफ्ते इतिहास रच दिया था। वह ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बन गई थी। भवानी ने समायोजित आधिकारिक रैंकिंग (AOR) के आधार पर आगामी टोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन हासिल किया है। बता दें 27 वर्षीय भवानी अंतरराष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय भी हैं। आठ बार की राष्ट्रीय चैम्पियन भवानी 2016 में हुए रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही थी।

जानकारी

23 जुलाई से 08 अगस्त तक होना है ओलंपिक का आयोजन

टोक्यो में होने वाला ओलंपिक पिछले साल कोरोना वायरस के कारण एक साल के लिए स्थगित करना पड़ा था। इस साल 23 जुलाई से 08 अगस्त तक टोक्यो में ही ओलंपिक का आयोजन किया जाना है।

Advertisement