पूर्व क्रिकेटर ने जयदेव उनादकट और नटराजन पर साधा निशाना, हर्षल पटेल पर भी उठाए सवाल
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की रिटेंशन प्रक्रिया और ट्रेड खबरों के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को लेकर बेहद तीखा बयान दिया है। श्रीकांत ने उनादकट की गेंदबाजी को नकली करार देते हुए हैरानी जताई कि SRH ने उन्हें अभी तक रिलीज क्यों नहीं किया है। उन्होंने टी नटराजन और गुजरात टाइटंस (GT) में ट्रेड हो रहे हर्षल पटेल पर भी सवाल खड़े किए हैं।
बयान
श्रीकांत ने क्या दिया बयान?
IPL 2027 के संभावित ट्रेड और टीम संयोजन पर चर्चा करते हुए श्रीकांत ने SRH के गेंदबाजी आक्रमण की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा, "मैं इस बात से हैरान हूं कि उन्होंने अपने एक अन्य 'शेड बॉलर' जयदेव उनादकट को जाने नहीं दिया। अपनी नकली गेंदबाजी के साथ वे इतने लंबे समय तक खेलते रहे हैं। मुझे नहीं पता कि वे उनकी प्लेइंग इलेवन में कैसे जगह बना पाएंगे। वे उन्हें 'पुराना मेहनती घोड़ा' कहेंगे और टीम में बनाए रखेंगे।"
सवाल
श्रीकांत ने हर्षल पर भी खड़े किए सवाल
श्रीकांत ने हर्षल के 4 करोड़ रुपये में GT से जुड़ने की खबरों पर कहा, "मुझे नहीं पता कि हर्षल पटेल GT की प्लेइंग इलेवन में भी जगह बना पाएंगे या नहीं। वे उन्हें केवल बेंच में रख रहे हैं ताकि अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाए तो वे उनका इस्तेमाल कर सकें।"
श्रीकांत ने जीशान अंसारी के दिल्ली कैपिटल्स (DC) जाने और उसके बदले नटराजन के SRH में शामिल होने के ट्रेड सौदे पर भी कड़ा रुख अपनाया है।
नाराजगी
नटराजन की फिटनेस और सिर्फ IPL खेलने पर नाराजगी
श्रीकांत ने IPL के दौरान फिट रहने वाले खिलाड़ियों की आलोचना करते हुए कहा, "नटराजन और उनादकट में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। नटराजन केवल IPL से IPL तक खेलते हैं और वे इसके बावजूद बच निकलते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "यह सामान्य क्रिकेटरों के लिए अच्छा संकेत नहीं है जब इतने सारे खिलाड़ी केवल IPL के लिए फिट रहते हैं और बाकी पूरे समय यह कहते रहते हैं कि वे अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं।"
ट्रेड
IPL 2027 ट्रेड और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का संदर्भ
SRH ने हर्षल को IPL 2025 नीलामी में 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2025 में उन्होंने 13 मैचों में 9.80 की इकॉनमी से 16 विकेट लिए, लेकिन 2026 में 5 मैचों में कोई विकेट नहीं ले पाए।
इस दौरान SRH को प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन के रूप में 2 नए तेज गेंदबाज मिल गए, जबकि उनादकट को भी कोई मौका नहीं मिला।
इधर, मोहम्मद शमी के भी ट्रेड सौदे में राजस्थान रॉयल्स (RR) में आने की खबर है।