शुभमन गिल और केएल राहुल को आखिरी 2 वनडे से हटाने पर भड़का यह पूर्व क्रिकेटर
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की वनडे सीरीज के बीच भारतीय टीम प्रबंधन ने आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को आखिरी 2 वनडे मैचों से बाहर कर दिया है। ये सभी खिलाड़ी 11 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए वेलिंगटन में अभ्यास करेंगे। इस फैसले का पूर्व किकेटर डोडा गणेश ने पुरजोर विरोध किया है।
बयान
गणेश ने मामले पर क्या दिया बयान?
गणेश ने इस फैसले को लेकर एक्स पर लिखा, 'क्या शुभमन गिल और केएल राहुल को आखिरी दो वनडे के लिए आराम दिया जाना चाहिए? पहले 3 वनडे मैचों में उन्हें मैदान पर जितना समय मिला है, उसे देखते हुए मुझे नहीं लगता कि वनडे सीरीज से बाहर होना समझदारी भरा विचार है। मैं टेस्ट मैच परिस्थितियों के अनुकूल ढलना को समझता हूं, लेकिन एक वास्तविक मैच आपको नेट अभ्यास की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से तैयार करता है।'
सवाल
टीम प्रबंधन के फैसले पर उठ रहे हैं सवाल
टीम प्रबंधन के इस फैसले से जहां भारतीय कोचिंग स्टाफ 2 हिस्सों में बंट गया है, वहीं क्रिकेट पंडितों का मानना है कि सीरीज के बीच से मुख्य खिलाड़ियों को हटाना टीम के हित में नहीं है।
गणेश ने कहा कि न्यूजीलैंड में जारी बारिश के व्यवधानों के कारण इन खिलाड़ियों को शुरुआती वनडे मैचों में मैदान पर खेलने का पर्याप्त समय नहीं मिला। ऐसे में खिलाड़ियों को और मैच खिलाने के बजाय आराम देना समझदारी भरा फैसला नहीं है।
रणनीति
कार्यक्रम की घोषणा के समय ही तय थी रणनीति
गौरतलब है कि जब न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया था, तब BCCI ने साफ कर दिया था कि गिल और राहुल आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
टीम प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड की उछाल भरी पिचों पर लाल गेंद से अभ्यास करने का पूरा मौका देना है, लेकिन बारिश के कारण इस फैसले के फायदे और नुकसान पर बहस छिड़ गई है।