Page Loader
पहला टेस्ट: ऋषभ पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा पहला शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
ऋषभ पंत ने शानदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

पहला टेस्ट: ऋषभ पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा पहला शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

संपादन आदर्श कुमार
Sep 21, 2024
12:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन शानदार शतकीय पारी (109) खेली। यह उनके टेस्ट क्रिकेट करियर का छठा और बांग्लादेश के खिलाफ पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 124 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के 6 टेस्ट शतक की बराबरी भी कर ली है। अब वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही पंत की पारी और साझेदारी?

भारतीय टीम को दूसरी पारी में 67 रन के कुल स्कोर पर विराट कोहली (17) के रूप में तीसरा झटका लगा था। उसके बाद पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान उतरे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने 217 गेंद में 167 रन जोड़ दिए। पंत ने अपनी शानदार शतकीय पारी में 13 चौके और 4 कमाल के छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 85.16 की रही। उन्हें मेंहदी हसन मिराज ने आउट किया।

रन

पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

पंत ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने उनके खिलाफ 2018 में पहला मुकाबला खेला था। पंत ने 12 मैच की 21 पारियों में 39.05 की औसत से 781 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 7 टेस्ट की 12 पारियों में 62.40 की औसत से 624 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं।

करियर

कैसा रहा है पंत का टेस्ट क्रिकेट करियर?

पंत ने साल 2018 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 34 टेस्ट की 58 पारियों में 44.79 की औसत के साथ 2,419 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतकों के अलावा 11 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159* रन का रहा है। वह बांग्लादेश टीम के खिलाफ अब तक 3 टेस्ट की 5 पारियों में 59.20 की उम्दा औसत के साथ 296 रन बनाए हैं।

पहली पारी

पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए थे पंत 

पहली पारी में पंत को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन वह 52 गेंद में 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। उनके बल्ले से 6 चौके निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 75 की थी। पंत ने दिसंबर 2022 के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की है। इससे पहले उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच भी बांग्लादेश के खिलाफ ही खेला था। यह मुकाबला बांग्लादेश के मीरपुर में खेला गया था। पंत की वापसी से भारतीय टीम और मजबूत हो गई है।