टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार: पाकिस्तान ने रावलपिंडी में दुर्लभ रिकॉर्ड के साथ रचा इतिहास
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की ओर से 4 खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया और इन चारों ही युवाओं ने शुरुआती 2 दिनों के खेल में प्रभावित किया। मैच की पहली पारी में डेब्यू करने वाले तैयब आरिफ (57), मोहम्मद ताहा (51) और अराफात मिन्हास (52) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरी बार 3 या उससे अधिक डेब्यू करने वाले बल्लेबाजों ने एक पारी में 50+ स्कोर बनाया है।
रिकॉर्ड
क्यों अनोखा है यह रिकॉर्ड?
इससे पहले एक पारी में 3 डेब्यू बल्लेबाजों द्वारा अर्धशतक लगाने का इकलौता कारनामा साल 1992 में हुआ था, जब जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के एंडी फ्लावर (59), ग्रांट फ्लावर (82) और डेव हॉटन (121) ने भारत के खिलाफ हरारे में यह उपलब्धि हासिल की थी।
हालांकि, वह जिम्बाब्वे का पहला टेस्ट था।
इस लिहाज से एक स्थापित टेस्ट टीम के रूप में पाकिस्तान दुनिया की पहली ऐसी टीम है जिसके 3 डेब्यू बल्लेबाजों ने एक पारी में अर्धशतक जड़े हैं।
प्रदर्शन
युवा बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
आरिफ ने घास से भरी पिच पर बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 51 गेंदों में 57 रनों की तूफानी पारी खेली।
नंबर 3 पर उतरे ताहा ने जबरदस्त धैर्य और तकनीक का प्रदर्शन किया और 105 गेंदों में 51 रन बनाए।
इसी तरह निचले क्रम में आकर अराफात ने स्टाइलिश अंदाज में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 52 रन जोड़े।
वे इस पारी में अर्धशतक बनाने वाले पाकिस्तान के 5वें बल्लेबाज रहे।