वनडे क्रिकेट के इतिहास में इन भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए हैं सबसे तेज शतक
क्या है खबर?
वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) ने बनाए हैं। विराट कोहली उनके कई रिकॉर्ड्स तोड़ते जा रहे हैं और अभी वह इस सूची में 13,906 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
ये दोनों बल्लेबाज ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए नहीं जाने जाते हैं। हालांकि, कोहली के नाम भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड है।
ऐसे में आइए तेज शतक वाले शीर्ष भारतीयों पर नजर डालते हैं।
#1
विराट कोहली (52 गेंदें)
साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर आई थी। दूसरे वनडे में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 359 रन बनाए थे। जवाब में कोहली ने 52 गेंदों में 100 रन जड़ दिए थे।
ये वनडे के इतिहास में भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है। उनके बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 192.30 की रही थी।
भारतीय टीम को 9 विकेट से जीत मिली थी।
#2
वीरेंद्र सहवाग (60 गेंदें)
दूसरे स्थान पर वीरेंद्र सहवाग हैं। उन्होंने साल 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 गेंदों में शतक जड़ा था। हैमिल्टन में खेले गए मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 270 /5 का स्कोर बनाया था।
जवाब में सहवाग ने 74 गेंदों में 125 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 14 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 168.91 की रही थी।
भारतीय टीम को डकवर्थ लुईस नियम से 84 रन से जीत मिली थी।
#3
कोहली (61 गेंदें)
सूची में तीसरे स्थान पर भी कोहली हैं। उन्होंने साल 2013 में 61 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा था।
सीरीज के छठे मुकाबले में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 350/6 का स्कोर बनाया था।
जवाब में कोहली के बल्ले से 66 गेंदों में 115* रन निकले थे। भारत के इस स्टार खिलाड़ी ने 18 चौके और 1 छक्का लगाया था। उनकी स्ट्राइक रेट 174.24 की रही थी।
भारतीय टीम को 6 विकेट से जीत मिली थी।
#4
केएल राहुल (62 गेंदें)
साल 2023 के वनडे विश्व कप में केएल राहुल ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 62 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 410/4 का स्कोर बनाया था।
राहुल के बल्ले से 64 गेंदों में 102 रन निकले थे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के जड़े थे।
उनकी स्ट्राइक रेट 159.37 की रही थी। भारतीय टीम को उस मुकाबले में 160 रनों से जीत मिली थी।