
IPL के इतिहास में इन बल्लेबाजों ने मुंबई इंडियंस के लिए जड़े हैं सबसे तेज शतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) को 5 बार विजेता बनाने में कई शानदार बल्लेबाजों का बड़ा योगदान रहा है।
कुछ खिलाड़ियों ने ऐसी तूफानी शतकीय पारियां खेली हैं, जो क्रिकेट प्रेमियों को आज भी याद हैं। कम गेंदों में बनाए गए इन शतकों ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि इस लीग के इतिहास में एक अलग जगह बनाई।
ऐसे में आइए MI के लिए सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।
#1
सनथ जयसूर्या (45 गेंदें)
पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सनथ जयसूर्या हैं। उन्होंने IPL के पहले संस्करण में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ सिर्फ 45 गेंदों में शतक जड़ दिया था।
उनका यह रिकॉर्ड आज तक MI का कोई भी बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है। वह 48 गेंदों में 114 रन बनाकर आउट हुए थे। उनके बल्ले से 9 चौके और 11 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 237.50 की रही थी।
उस मुकाबले में MI को 9 विकेट से जीत मिली थी।
#2
कैमरून ग्रीन (47 गेंदें)
दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन हैं। इस खिलाड़ी ने IPL 2023 के 69वें मुकाबले में MI के लिए खेलते हुए सिर्फ 47 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। वह 100 रन बनाकर नाबाद थे।
उनके बल्ले से 8 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 212.76 की रही थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 200/5 रन का स्कोर बनाया था। जवाब में MI ने सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#3
सूर्यकुमार यादव (49 गेंदें)
इस सूची में तीसरे स्थान पर MI के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव हैं। उन्होंने IPL 2023 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ सिर्फ 49 गेंदों में शतक जड़ दिया था।
MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218/5 का स्कोर बनाया था। सूर्यकुमार 49 गेंदों में 103 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 210.20 की रही थी।
जवाब में GT की टीम 191/8 का स्कोर ही बना पाई थी।
#4
सूर्यकुमार यादव (51 गेंदें)
इस सूची में चौथे स्थान पर भी सूर्यकुमार ही हैं। उन्होंने IPL 2024 के 55वें मुकाबले में SRH के खिलाफ सिर्फ 51 गेंदों में शतक जड़ दिया था।
SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 173/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में MI ने 3 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया था।
सूर्यकुमार 51 गेंदों में 102 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 200 की रही थी।