
IPL इतिहास में सबसे तेज 150 विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों पर एक नजर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 61वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया।
इस मैच में SRH के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए IPL में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए।
ऐसे में आइए IPL में सबसे तेज (सबसे कम पारी) 150 विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
लसिथ मलिंगा - 105 पारी
IPL में सबसे तेज 150 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा के नाम दर्ज है। उन्होंने 105 पारियों में यह कारनामा कर दिया था।
हालांकि, गेंदों के लिहाज से वह दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 150 विकेट चटकाने में 2,444 गेंदों का सहारा लिया था।
मलिंगा ने अपने IPL करियर में 122 मैचों में 19.79 की औसत से 170 विकेट चटकाए हैं। वह छह बार 4 और एक बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।
#2
हर्षल पटेल - 114 पारी
SRH के हर्षल अब इस सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अपने 114वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की है।
गेंदों के लिहाज से वह पहले पायदान पर हैं। उन्होंने 150 विकेट चटकाने में 2,381 गेंदें फेंकी थी।
वह अब तक 117 मैचों की 114 पारियों में 23.46 की औसत के साथ 150 विकेट चटका चुके हैं। इसमें 5 बार 4 विकेट और 1 बार 5 विकेट हॉल शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/27 का रहा है।
#3
युजवेंद्र चहल - 118 पारी
पंजाब किंग्स (PBKS) के प्रमुख स्पिनर युजवेंद्र चहल इस सूची में तीसरे नंबर पर है। उन्होंने 118वीं पारी में अपने 150 विकेट पूरे किए थे।
गेंदों के लिहाज से भी वह तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 150 विकेट चटकाने में 2,543 गेंदों का सहारा लिया था।
वह अब तक 172 मैचों में 22.63 की औसत से 219 विकेट चटका चुके हैं। इसमें 8 बार 4 विकेट और 1 बार 5 विकेट हॉल शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 का है।
#4
राशिद खान - 122 पारी
गुजरात टाइटंस (GT) के प्रमुख स्पिनर राशिद खान इस सूची में चौथे नंबर पर है। उन्होंने 122वीं पारी में अपने 150 विकेट पूरे किए थे। हालांकि, गेंदों के लिहाज से वह काफी पीछे रहे हैं।
वह अब तक 133 मैचों की इतनी ही पारियों में 23.29 की औसत और 7.01 की इकॉनमी रेट के साथ 157 विकेट चटका चुके हैं।
इसमें 2 बार 4 विकेट हॉल शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/24 विकेट का रहा है।