Page Loader
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 में भारतीय टीम को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
शफाली वर्मा ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 में भारतीय टीम को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Dec 06, 2023
10:14 pm

क्या है खबर?

पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 38 रनों से हराकर 3 मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की है। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 197/6 का स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 6 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी और मैच हार गई। अब सीरीज का दूसरा मैच 9 दिसंबर को खेला जाएगा।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

रेणुका ठाकुर ने अपने पहले ओवर में ही सोफिया डंकले (1) और एलिस कैप्सी (0) के विकेट ले लिए। इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट (77) और डेनियल वायट (75) ने उम्दा पारियां खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारत से रेणुका ने 3 विकेट लिए। जवाब में भारत ने स्मृति मंधाना (6) और जेमिमा रोड्रिगेज (4) के विकेट सस्ते में खो दिए। इसके बाद हरमनप्रीत कौर (26) और शफाली वर्मा (52) ने संघर्ष किया, जो जीत के लिए नाकाफी रहा।

पारी

साइवर-ब्रंट ने लगाया 13वां अर्धशतक 

साइवर-ब्रंट ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 145.28 की स्ट्राइक रेट से 53 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 13 चौके भी लगाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक खेले 112 मैच की 108 पारियों में 27.14 की औसत और 115.52 की स्ट्राइक रेट से 2,307 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में 82 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।

व्याट

वायट ने भी जड़ा जोरदार अर्धशतक

मुश्किल घड़ी में बल्लेबाजी के लिए आई वायट ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक 34 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने शुरुआती झटकों के बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। उन्होंने 47 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 159.57 की रही। उन्होंने ब्रंट (77) के साथ तीसरे विकेट के लिए 138 रन की शतकीय साझेदारी भी की।

व्याट

150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर बनी वायट 

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर उतरते ही वायट ने इतिहास रच दिया। यह वायट के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 150वां मुकाबला रहा। इसके साथ ही वह 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर बन गई हैं। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरी सर्वाधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी भी हैं। सर्वाधिक मैच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत (156) ने खेले हैं और दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की सूजी बेट्स (151) हैं।

कप्तानी

सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के कप्तानी करने वाली खिलाड़ी बनी हरमनप्रीत

हरमनप्रीत अब महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच (101) खेलने वाली क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की थी। इस सूची में तीसरे नंबर पर इंग्लिश क्रिकेटर चार्लोट एडवर्ड्स (76), चौथे पर मेरिसा एगुइलेरा (73) और 5वें नंबर पर इंग्लिश कप्तान हीथर नाइट (72) हैं।

शफाली

शफाली ने लगाया अपना 7वां अर्धशतक  

शफाली ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां अर्धशतक लगाया। वह 42 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुई। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 1,500 रन भी पूरे किए। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शफाली के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 63 मैच की 63 पारियों में 1,508 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी औसत 24.32 की और स्ट्राइक रेट करीब 130 की रही है।

डेब्यू

भारत से साइका इशाक और श्रेयांका पाटिल ने किया डेब्यू

इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भारत से साइका इशाक और श्रेयांका पाटिल ने अपना डेब्यू किया। बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज इशाक ने 9.50 की इकॉनमी रेट के साथ 38 रन देते हुए 1 सफलता हासिल की। दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर पाटिल अपने पहले मैच में बेहद महंगी साबित हुई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 11.00 की इकॉनमी रेट के साथ 44 रन दिए। इस बीच उन्होंने 2 विकेट भी लिए।

पोल

क्या दूसरे टी-20 को जीतकर सीरीज में वापसी कर पायेगी भारतीय टीम?