Page Loader
नेट साइवर ब्रंट ने लगाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
नेट साइवर ब्रंट ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

नेट साइवर ब्रंट ने लगाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

संपादन भारत शर्मा
Dec 06, 2023
09:10 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में बुधवार को इंग्लिश ऑलराउंडर नेट साइवर ब्रंट ने शानदार बल्लेबाजी की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 145.28 की स्ट्राइक रेट से 53 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 13 चौके भी लगाए। रेणुका सिंह ने उन्हें ऋचा घोष के हाथों कैच आउट कराया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक रहा।

मुकाबला

ब्रंट और वायट के बीच हुई 138 रनों की साझेदारी

मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में 2 रन की भीतर टीम के 2 खिलाड़ी (सोफिया डंकले, ऐलिस कैप्सी) पवेलियन लौट चुकी थीं। इसके बाद ब्रंट ने डेनिएल वायट के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 138 रनों की साझेदारी हुई। वायट ने 47 गेंदों पर 75 रन बनाए। भारतीय गेंदबाज रेणुका सिंह ने 4 ओवर में 3 विकेट चटकाए।

प्रदर्शन

साल 2023 में कैसा रहा है ब्रंट का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन?

ब्रंट का साल 2023 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उन्होंने इस साल अब तक 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने इसकी 9 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 49.71 की दमदार औसत और 136.47 की स्ट्राइक रेट से 348 रन अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक भी जमाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 81 रन रहा है। इसी तरह उन्होंने 8 पारियों में 7.33 की इकॉनमी से 4 विकेट भी चटकाए हैं।

प्रदर्शन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ब्रंट के आंकड़े

ब्रंट ने 5 जुलाई, 2013 को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक खेले 112 मैच की 108 पारियों में 27.14 की औसत और 115.52 की स्ट्राइक रेट से 2,307 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 82 रन है। उन्होंने 101 पारियों में 81 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनकी औसत 21.61 की और इकॉनमी 6.50 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/15 विकेट का रहा है।