नॉटिंघम टेस्ट: इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड ने जीत की ओर बढ़ाया कदम, ऐसा रहा चौथा दिन
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट में जीत के लिए मिले 373 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपनी दूसरी पारी में 103/4 का स्कोर बनाया। चौथे दिन के खेल की समाप्ति तक एमिलियो गे (6) और जो रूट (9) क्रीज पर बने हुए हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए 270 रन की दरकार है। आइए चौथे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
न्यूजीलैंड
ऐसी रही न्यूजीलैंड की दूसरी पारी
कल के स्कोर 120/3 से आगे खेलने उतरी न्यूजीलैंड की टीम से रचिन रविंद्र 94 रन बनाकर आउट हुए। वहीं डेरिल मिचेल ने नाबाद शतक (100) लगाया। इनके अलावा टीम के निचलेक्रम के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर आउट होते चले गए। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी 288/9 के स्कोर पर घोषित की। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 4 विकेट लिए। गस एटकिंसन और बेन स्टोक्स ने 2-2 विकेट लिए।
मिचेल
डेरिल मिचेल ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा चौथा टेस्ट शतक
कीवी टीम को अपनी दूसरी पारी में 51 रन पर 3 झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए मिचेल ने एक छोर संभालते हुए रचिन रविंद्र (94) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और चौथे विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने बेन सियर्स (19) 59 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। वह पारी में 241 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद रहे।
स्टोक्स
स्टोक्स ने की संन्यास की घोषणा
स्टोक्स ने नॉटिंघम टेस्ट के दौरान ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। वह अपनी आखिरी पारी में सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने उतरे। स्टोक्स ने पारी की शुरुआत करते हुए 20 गेंदों में 30 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी का अंत जैकरी फोल्क्स ने किया। इससे पहले स्टोक्स ने पहली पारी में 15 रन का योगदान दिया था।
बल्लेबाजी
ऐसी रही इंग्लैंड की दूसरी पारी
स्टोक्स के साथ पारी की शुरुआत करने आए बेन डकेट 42 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए जैकब बेथल अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद हैरी ब्रूक भी टीम को संकट से नहीं निकाल सके और 21 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से जैकरी फोल्क्स ने 3 और बेन सीयर्स ने 1 विकेट हासिल किया।