ऐपल के विजन प्रो के कार्यकारी अधिकारी थामेंगे OpenAI का हाथ
क्या है खबर?
विजन प्रो हेडसेट के प्रभारी और ऐपल के उपाध्यक्ष पॉल मीड कंपनी छोड़कर OpenAI की हार्डवेयर टीम में शामिल हो रहे हैं। खबरों के मुताबिक, मीड ने उन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) संचालित स्मार्ट ग्लासेज के विकास में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिन्हें आईफोन निर्माता अगले साल लॉन्च करने की योजना बना रही है। महंगा विजन प्रो तो ज्यादा सफल नहीं रहा, लेकिन कंपनी को उम्मीद है कि कम कीमत वाले स्मार्ट ग्लासेज मेटा से मुकाबला करने में मदद करेंगे।
बदलाव
नेतृत्व परिवर्तन का हो रहा असर
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन का मानना है कि यह बदलाव जॉन टर्नस के जल्द ही ऐपल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनने और उनके द्वारा हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम में किए गए बड़े बदलावों का नतीजा है। इनकी वजह से कंपनी के कुछ उपाध्यक्ष को लगा कि उनका पद घटा दिया गया है। ऐपल में मीड ने 7 साल तक विजन प्रो हेडसेट के लिए हार्डवेयर इंजीनियरिंग का काम संभाला और कंपनी के स्मार्ट ग्लास प्रोजेक्ट्स की भी अगुवाई की।
जिम्मेदारी
OpenAI में क्या रहेगी जिम्मेदारी?
दूसरी तरफ OpenAI पहले से ही ऐपल के पूर्व मुख्य डिजाइन अधिकारी जॉनी आइव के साथ मिलकर एक AI डिवाइस पर काम कर रही है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन का दावा है कि यह डिवाइस आईफोन के मुकाबले ज्यादा शांत और सुकून देने वाला होगा। रिपोर्ट के अनुसार, मीड AI-पावर्ड डिवाइस की एक सीरीज के डेवलपमेंट की देखरेख करेंगे। आइव का स्टूडियो भी AI डिवाइस की एक सीरीज पर काम कर रहा है।