LOADING...
लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड ने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराते हुए बढ़त बनाई, ये बने रिकॉर्ड्स
इंग्लैंड ने बनाई बढ़त (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड ने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराते हुए बढ़त बनाई, ये बने रिकॉर्ड्स

Jun 07, 2026
05:14 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 115 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की। लॉर्ड्स में हुए टेस्ट में जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 138 रन पर ढेर हुई। इस मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला और मुकाबले का परिणाम चौथे दिन निकला। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती इंग्लैंड की टीम

इंग्लैंड ने पहली पारी में काइल जैमीसन की घातक गेंदबाजी (5/62) के सामने 140 रन बनाए। जवाब में मेहमान टीम 113 रन पर ही सिमट गई, जिसमें ओली रॉबिन्सन ने 5 विकेट लिए। पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने वाली मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में सभी विकेट खोकर 226 रन बनाए। आखिर में जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य को कीवी टीम हासिल नहीं कर सकी। गस एटकिंसन ने आखिरी पारी में 5 विकेट लिए।

काइल जैमीसन

काइल जैमीसन ने पहली पारी में लिए 5 विकेट 

जैमीसन ने अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे एमिलियो गे (8) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम में जैमी स्मिथ (1), बेन स्टोक्स (12) और गस एटकिंसन (4) को पवेलियन की राह दिखाई। इस कीवी आलराउंडर ने ओली रॉबिन्सन (1) का विकेट लेते हुए अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल छठा और इंग्लैंड के खिलाफ पहला 5 विकेट हॉल साबित हुआ। दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया।

Advertisement

रिकॉर्ड 

इस सूची में शामिल हुए थे जैमीसन 

जैमीसन लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले केवल तीसरे कीवी गेंदबाज बने थे। महान ऑलराउंडर रिचर्ड हैडली अगस्त 1983 में लॉर्ड्स टेस्ट मैच की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज थे। उन्होंने जुलाई 1986 में 6 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी। पूर्व ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स ने जुलाई 1999 में 21.1 ओवर में 6/77 के आंकड़े के साथ हैडली के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

Advertisement

गेंदबाजी 

रॉबिन्सन ने अपना चौथा 5 विकेट हॉल लिया 

रॉबिन्सन ने 10.5 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन के साथ 39 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 3.60 की रही। न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज पारी में अर्धशतक भी नहीं लगा पाया। काइल जैमीसन ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 3 छक्के निकले। ये रॉबिन्सन टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल रहा, कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया।

इतिहास 

रॉबिन्सन ने रचा था इतिहास

रॉबिन्सन ने पहले दिन इतिहास रच दिया था। वह टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के पहले ऐसे गेंदबाज बने, जिन्होंने किसी पारी में अपने पहले ही ओवर के दौरान 3 विकेट चटकाए। नई गेंद संभालते ही उन्होंने तुरंत प्रभाव डाला और अपने स्पेल की तीसरी, 5वींऔर छठी गेंद पर क्रमशः डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन और रचिन रविंद्र को आउट किया था। पहले दिन उन्होंने 4 विकेट लिए थे। उन्होंने मैट हेनरी को आउट कर अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया था।

नाथन स्मिथ 

नाथन स्मिथ ने मैच में कुल 9 विकेट लिए 

नाथन स्मिथ ने इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान 38 रन देते हुए 3 विकेट लिए। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी के दौरान 6 विकेट लिए। ये उनके टेस्ट करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। इंग्लैंड के खिलाफ उनका पहला 5 विकेट हॉल साबित हुआ। इंग्लैंड की दूसरी पारी में स्मिथ ने 17 ओवर गेंदबाजी की और 4 मेडन के साथ 70 रन देकर 6 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 4.10 की रही।

गेंदबाजी 

एटकिंसन ने आखिरी पारी के दौरान लिया 5 विकेट हॉल

एटकिंसन ने मैच की चौथी और न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में 11.3 ओवर में 30 रन देते हुए 5 विकेट लिए। उन्होंने विपक्षी कप्तान टॉम लैथम (0), विलियम ओरुके (0), नाथन स्मिथ (4), जैमीसन (6) और मैट हेनरी (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उनके अलावा रॉबिन्सन और जोश टंग ने 2-2 विकेट लिए। एटकिंसन की घातक गेंदबाजी के ही चलते न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 138 रन पर सिमट गई। उन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 2 विकेट लिए थे।

Advertisement