
इंग्लैंड बनाम भारत: ऋषभ पंत बने WTC में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय, रोहित को पछाड़ा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी की। वह अर्धशतक (65) जड़ चुके हैं और अभी क्रीज पर डटे हैं। वह पारी में अब तक 6 चौके और 2 छक्के जड़ चुके हैं। इसके साथ उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) इतिहास में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं।
रिकॉर्ड
पंत ने रोहित शर्मा को पछाड़ा
अपनी पारी का पहला छक्का लगाते ही पंत WTC इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उनके अब 61 पारियों में कुल 58 छक्के हो गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 69 पारियों में 56 छक्के लगाए थे। इस सूची में यशस्वी जायसवाल तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 37 पारियों में 40 छक्के जड़े हैं। ऐसे में अब पंत और जायसवाल के बीच मुकाबला रह गया है।
करियर
कैसा रहा है पंत का टेस्ट करियर?
पंत ने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ ही अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 44 टेस्ट मैच खेले चुके हैं, जिसकी 76 पारियों में 42 से अधिक की औसत और 73 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 3,000 से अधिक रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 15 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159 रन का रहा है। वह विकेट के पीछे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 164 शिकार कर चुके हैं।