
इंग्लैंड बनाम भारत: हैरी ब्रूक ने खेली 99 रन की पारी, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हैरी ब्रूक ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ लीड्स में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट में 99 रन की शानदार पारी खेली। वह अपने टेस्ट करियर के नौवें शतक से चूक गए। यह भारतीय टीम के खिलाफ उनकी पहली टेस्ट पारी है, जिसमें उन्होंने कमाल किया है। इस बीच ब्रूक ने जेमी स्मिथ के साथ मिलकर 73 रन की साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही ब्रूक की पारी
लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन के दौरान जब इंग्लैंड ने 206 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब ब्रूक क्रीज पर आए। उन्होंने लीड्स के मैदान में अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की। इस बीच उन्हें कुछ आसान से जीवनदान भी मिले। वह तीसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान 112 गेंदों में 99 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अच्छी बल्लेबाजी भी की।
आंकड़े
शानदार चल रहा है ब्रूक का टेस्ट करियर
ब्रूक ने अपना पहला टेस्ट मैच दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में खेला था। उन्होंने 26 टेस्ट खेले हैं और इसकी 42 पारियों में लगभग 60 की औसत से 3,400 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 12 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 317 रन है। साल 2024 उनके लिए शानदार बीता था, जिसमें उन्होंने 4 शतक लगाए थे।
आंकड़े
अपने घर पर दूसरे टेस्ट शतक से चूके ब्रूक
ब्रूक इंग्लैंड में खेलते हुए टेस्ट में अपने दूसरे शतक से चूक गए। उन्होंने इंग्लैंड में अब तक 15 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 23 पारियों में 41.72 की औसत के साथ 918 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं। विदेशों में उन्होंने 11 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 19 पारियों में 80.00 की औसत से 1,520 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं।
आंकड़े
42 पारियों के बाद चौथे सर्वाधिक रन
ब्रूक ने 42 टेस्ट पारियों के बाद 2,438 रन बनाए हैं। वह 42 टेस्ट पारियों के बाद चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। टेस्ट में 42 पारियों के बाद उनसे ज्यादा रन सिर्फ डॉन ब्रैडमैन (3,849), एवर्टन वीक्स (2,576) और हर्बर्ट सुटक्लिफ (2,473) ने बनाए हैं। दिलचस्प रूप से विवियन रिचर्ड्स जैसे पूर्व दिग्गज भी इस मामले में ब्रूक से पीछे हैं। बता दें कि रिचर्ड्स ने 42 पारियों के बाद 2,393 रन बनाए थे।