महेंद्र सिंह धोनी के मेंटर बनने पर इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी का बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी IPL 2027 से चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के 'टीम मेंटर' की भूमिका निभाएंगे। इस फैसले को इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने CSK के लिए बेहद फायदेमंद बताया है। पनेसर का मानना है कि धोनी के इस कदम से न केवल टीम को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा, बल्कि नीलामी में युवा 'इम्पैक्ट प्लेयर' खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी के पर्स में पैसे भी बचेंगे।
बयान
पनेसर ने क्या दिया बयान?
पनेसर ने IANS से कहा, "धोनी ने IPL से संन्यास की घोषणा कर दी है और वे CSK के मेंटर बने हैं, जो वास्तव में अच्छी खबर है। मुझे लगता है कि कप्तान से मेंटर बनने का यह बदलाव उन्हें IPL मैचों के दौरान खेल को पढ़ने और दबाव में शांत रहने के अपने अमूल्य अनुभव को साझा करने का मौका देगा। इससे टीम के कुछ पैसे भी बचेंगे, जिन्हें फ्रेंचाइजी एक युवा 'इम्पैक्ट प्लेयर' पर निवेश कर सकती है।"
चुनौती
शारीरिक थकान से राहत और नई चुनौती
धोनी की फिटनेस पर पनेसर ने कहा, "धोनी के लिए शारीरिक बोझ भी कम होगा, क्योंकि पिछले साल उनके घुटने और पिंडली में काफी दर्द था। यह कदम उन्हें समय निकालने और CSK को सफल बनाने के लिए अपने अनुभव का उपयोग करने की अनुमति देता है। टीम पिछले लगातार 3 वर्षों से प्लेऑफ में नहीं पहुंची है। ऐसे में चुनौती यह होगी कि क्या वह खिलाड़ी की तहत मेंटर के रूप में भी उतने ही सफल हो सकते हैं।"
लक्ष्य
CSK के लिए धोनी का योगदान और आगामी लक्ष्य
धोनी ने CSK को 5 IPL खिताब जिताए हैं और वे किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200+ मैचों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
साल 2024 में उन्होंने रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी थी। धोनी ने CSK के लिए 272 मैचों में 5,314 रन बनाए हैं, जो टीम के लिए दूसरे सर्वाधिक हैं।
अब मेंटर के रूप में धोनी का लक्ष्य टीम को खराब प्रदर्शन से बाहर निकालकर आगामी सीजन में खिताब दिलाने का होगा।