इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान को हराते हुए सीरीज क्लीन स्वीप की, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज को क्लीन स्वीप किया। एजबेस्टन टेस्ट में जीत के लिए मिले 130 रन के लक्ष्य को मेजबान टीम ने जो रूट (62*) और जॉर्डन कॉक्स (59*) की पारियों की मदद से हासिल किया। इंग्लिश टीम ने 2022 के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज को क्लीन स्वीप किया है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती इंग्लैंड की टीम
एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान की पहली पारी सिर्फ 133 रन पर सिमट गई थी।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने 453 रन बनाते हुए मजबूत बढ़त हासिल की। इंग्लैंड से एमेलियो गे (60), हैरी ब्रूक (75), जेमी स्मिथ (69) और डैन लॉरेंस (65) ने अर्धशतक लगाए।
पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी में संघर्ष दिखाया और शान मसूद के 95 रन की पारी की मदद से 449 रन बनाए।
आखिर में छोटे से लक्ष्य को इंग्लैंड ने हासिल किया।
ब्रूक
ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए
ब्रूक ने अपनी पहली पारी में 75 रन बनाए।
अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ 1,000 टेस्ट रन पूरे किए।
उन्होंने इस टीम के विरुद्ध अब तक 9 टेस्ट की 14 पारियों में 75.42 की औसत के साथ 1,056 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं।
अपने टेस्ट करियर में ब्रूक 53.08 की औसत के साथ 3,610 रन बना चुके हैं। उन्होंने 10 शतक और 20 अर्धशतक लगाए हैं।
लॉरेंस
लॉरेंस ने लगाया अपना 7वां अर्धशतक
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में जब 143 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब लॉरेंस क्रीज पर आए।
मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने अपने टेस्ट करियर का 7वां अर्धशतक लगाया।
वह 82 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए।
उनकी पारी का अंत इमरान रंधावा ने किया। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 29.58 की औसत के साथ 858 रन बनाए हैं।
उनका सर्वोच्च स्कोर 91 रन है।
मसूद
शान मसूद दूसरी पारी में शतक से चूके
पाकिस्तान ने दूसरी पारी में जब शून्य के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया, तब मसूद क्रीज पर आए।
उन्होंने तेज गेंदबाजों के सामने चुनौतीपूर्ण लग रही परिस्थितियों में जमकर बल्लेबाजी की और अजान ओवैस के साथ मिलकर 125 रन की साझेदारी की।
ओवैस ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 59 रन बनाए। वह 148 गेंदों में 95 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए।
रजाउल्लाह
रजाउल्लाह ने बल्लेबाजी में लगाया अर्धशतक
रजाउल्लाह ने पाकिस्तान की दूसरी पारी में 128.57 के स्ट्राइक रेट से 4 चौके और 9 छक्के की मदद से 81 रन बनाए।
क्रिकबज के अनुसार, रजाउल्लाह अब टेस्ट डेब्यू की पारी में संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने।
उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी टिम साउथी की बराबरी की।
साउथी ने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और नेपियर के मैदान पर 9 छक्के लगाए थे।
रिकॉर्ड्स
रजाउल्लाह ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
रजाउल्लाह टेस्ट डेब्यू पर नंबर-9 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बने।
उनसे पहले 1982 में कराची में श्रीलंका के खिलाफ राशिद खान (59 रन) ने ऐसा किया था।
अब्बास और रजाउल्लाह के बीच 121 रनों की साझेदारी, इंग्लैंड में 9वें या उससे निचले विकेट के लिए पहली शतकीय साझेदारी है।
उनकी पारी की मदद से पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बनाए।
रूट
रूट ने सचिन तेंदुलकर का अर्धशतकों का रिकॉर्ड तोड़ा
चौथी पारी के दौरान रूट ने अपने टेस्ट करियर का 69वां अर्धशतक (62*) लगाया।
इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।
उन्होंने भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 68 अर्धशतक लगाए थे।
इस सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व शिवनारायण चंद्रपॉल हैं, जिन्होंने 66 अर्धशतकों के साथ अपने करियर का अंत किया था।