टी-20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम, शेड्यूल, इतिहास और अन्य जानकारी
क्या है खबर?
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, जिसमें हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड क्रिकेट टीम खेलती हुई नजर आएगी। इंग्लिश टीम ने अब तक के इतिहास में 2 बार ये खिताब जीता है और ब्रूक अपने देश को तीसरी बार विजेता बनाना चाहेंगे। इस बीच टी-20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड की टीम, शेड्यूल और अन्य जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
टीम
ऐसी है टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम में जोस बटलर समेत कुछ ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो 2022 में टी-20 विश्व कप जीत चुके हैं। विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर , टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्राइडन कार्स (केवल श्रीलंका दौरा), सैम कर्रन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।
शेड्यूल
ग्रुप-C में मौजूद है इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम ग्रुप-C में मौजूद है और अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को नेपाल के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 11 फरवरी को इंग्लिश टीम का दूसरा मैच वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से होना है। 14 फरवरी को इंग्लैंड का सामना स्कॉटलैंड से होना है। आखिर में ब्रूक के नेतृत्व वाली टीम 16 फरवरी को इटली के विरुद्ध मुकाबला खेलने उतरेगी।
इंग्लैंड
2 बार खिताब जीत चुकी है इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड उन चुनिंदा देशों में शुमार हैं, जिन्होंने 2-2 खिताब जीते हैं। इंग्लिश टीम पहली बार 2010 में विजेता बनी थी। पॉल कोलिंगवुड की कप्तानी में खेलते हुए इंग्लैंड ने फाइनल में 7 विकेट से ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इसके बाद 2022 में जोस बटलर के नेतृत्व में इंग्लैंड की टीम विजेता बनी थी। उस खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 5 विकेट से शिकस्त दी।
प्रदर्शन
इंग्लैंड ने जीते हैं 28 मैच
क्रिकइंफो के मुताबिक, टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड टीम ने सभी संस्करणों (2007-2024) में कुल 52 मैच खेले हैं, जिसमें से 28 में टीम जीती और 22 में हार झेली है। इसके अलावा 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। इंग्लिश टीम का सर्वोच्च टीम स्कोर 230 रन रहा है और सबसे कम स्कोर 80 है। टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड फिलहाल 5वें सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम है।