LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सफर?
इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में भारत से हार गई (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सफर?

Mar 06, 2026
10:22 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सफर समाप्त हो गया है। हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम को दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम के हाथों 7 रन से हार मिली। इसके साथ ही इंग्लैंड का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। इससे पहले टी-20 विश्व कप 2024 के दूसरे सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड को भारतीय टीम के खिलाफ 68 रन से हार मिली थी। ऐसे में इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के सफर पर नजर डालते हैं।

ग्रुप

ग्रुप चरण में ऐसा रहा इंग्लैंड का सफर 

इंग्लैंड ने अपना पहला मुकाबला नेपाल क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला। बेहद रोमांचक मुकाबले में उसे 4 रन से जीत मिली। इसके बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ टीम को 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। स्कॉटलैंड के खिलाफ ब्रूक की अगुआई वाली टीम ने वापसी की और उसे 5 विकेट से हराया। अपने आखिरी ग्रुप के मुकाबले में इंग्लैंड को इटली क्रिकेट टीम के खिलाफ 24 रन से जीत मिली।

सुपर-8 

इंग्लैंड के लिए कमाल का रहा सुपर-8 चरण 

सुपर-8 चरण के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका टीम को 51 रन के बड़े अंतर से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 9 विकेट पर 146 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 95 रन पर सिमट गई। अगले मुकाबले में इंग्लैंड को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 विकेट से बेहतरीन जीत मिली। इसके बाद सुपर-8 चरण के अपने आखिरी मुकाबले में टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 4 विकेट से हरा दिया।

Advertisement

सेमीफाइनल

सेमीफाइनल मुकाबले में लड़ कर हारी इंग्लैंड 

वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253/7 का बड़ा स्कोर बनाया। संजू सैमसन (89) और ईशान किशन (39) ने उम्दा पारियां खेलीं। जवाब में इंग्लिश टीम जैकब बेथेल की शतकीय पारी (105) के बावजूद 246/7 का स्कोर ही बना सकी। बेथल के अलावा विल जैक्स (35) ने संघर्ष किया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

Advertisement

रन

इंग्लैंड के लिए इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन 

इंग्लैंड की ओर से टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बेथेल ने बनाए। उन्होंने 8 पारियों में 35 की औसत और 152.17 की स्ट्राइक रेट से 280 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 105 रन रहा। कप्तान ब्रूक ने 8 पारियों में 29.37 की औसत और 159.86 की स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाया।

विकेट

इंग्लैंड के इन गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन 

इंग्लैंड के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट स्पिन गेंदबाज आदिल राशिद ने लिए। उन्होंने 8 मैच की 8 पारियों में 19.23 की औसत से 13 विकेट चटकाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/36 का रहा। उनकी इकॉनमी रेट 8.15 की रही। जोफ्रा आर्चर ने 8 मुकाबलों की 8 पारियों में 26 की औसत से 11 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 9.53 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/20 का रहा।

Advertisement