
HCA में गबन: अध्यक्ष जगन मोहन राव ने 1 करोड़ रुपये में खरीदी थी 1,340 गेंदें
क्या है खबर?
तेलंगाना अपराध जांच विभाग (CID) ने धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गुरुवार (10 जुलाई) को हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) के अध्यक्ष ए जगन मोहन राव को गिरफ्तार कर लिया है। उनके अलावा कोषाध्यक्ष सी श्रीनिवास राव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील कांटे, महासचिव राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी जी. कविता को भी हिरासत में लिया गया है। अब सामने आया है कि इन सभी ने मिलकर करीब 2.32 करोड़ रुपये की हेराफेरी की है।
हेराफेरी
HCA अध्यक्ष ने 6 मामलों में की हेराफेरी
तेलंगाना CID के अधिकारियों के अनुसार, HCA अध्यक्ष राव ने अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलिभगत कर 6 मामलों में 2.32 करोड़ रुपये की हेराफेरी की है। इनमें खानपान सेवाओं का आवंटन और बिजली उपकरणों की खरीद भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में तेलंगाना क्रिकेट संघ (TCA) के महासचिव धर्म गुरुव रेड्डी ने 9 जून को शिकायत दर्ज कराते हुए मामले में जांच की मांग की थी। उसके बाद CID ने FIR दर्ज कर कार्रवाई की है।
गबन
HCA अध्यक्ष ने किस तरह की हेराफेरी?
CID द्वारा दर्ज FIR के अनुसार, HCA अध्यक्ष राव ने अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गेंद खरीद के नाम पर 1.03 करोड़ रुपये की हेराफेरी की थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस राशि से केवल 1,340 गेंदें ही खरीदी गई थी। इस खरीद में राव ने टेंडर प्रक्रिया का उल्लंघन किया और स्टॉक रजिस्टर का प्रबंधन नहीं किया। इस संबंध में जब महासचिव रेड्डी ने जानकारी करनी चाही तो राव ने उन्हें कोई तथ्यात्मक जवाब नहीं दिया।
अन्य
प्लंबिंग सामग्री की खरीद में भी की हेराफेरी
FIR के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023-24 और 2024-25 के लिए प्लंबिंग सामग्री की खरीद में 21.7 लाख रुपये और IPL 2025 के लिए बिजली सामग्री की खरीद में 6.85 लाख रुपये की हेराफेरी की गई। FIR के अनुसार, खानपान का काम एक निजी विक्रेता को 31.07 लाख रुपये में आवंटित किया गया और घरेलू क्रिकेट सत्र 2024-25 के लिए किट (खिलाड़ियों की ड्रेस) और अन्य सामग्री की खरीद में 56.84 लाख रुपये की हेराफेरी की गई।
कार्रवाई
CID ने इन धाराओं में दर्ज किया है मामला
CID ने TCA के महासचिव रेड्डी द्वारा 9 जून को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। शिकायत के बाद CID ने भारतीय न्याय संहित (BNS) की धारा 465, 468, 471, 403, 409, 420 और 34 के तहत FIR दर्ज की है। आरोप है कि अध्यक्ष राव ने चुनाव लड़ने के लिए भी फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। साथ ही संपत्ति के गबन और विश्वासघात से जुड़ी गंभीर धाराएं भी केस में जोड़ी गई हैं।
आरोप
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
शिकायत में यह भी आरोप है कि HCA के अधिकारियों ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पर IPL 2025 में तय कोटे से ज्यादा मुफ्त टिकट देने का दबाव बनाया था। BCCI के समझौते के अनुसार, HCA को स्टेडियम क्षमता के 10 प्रतिशत यानी 3,900 टिकट मिलते हैं। हालांकि, HCA अधिकारियों ने कथित तौर पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टिकट की मांग की थी, जिसे SRH ने देने से इनकार कर दिया था। इसी को लेकर विवाद और शिकायत की शुरुआत हुई।