Page Loader
एलिस पेरी WPL इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं, पूरे किए 9,000 टी-20 रन 
WPL में सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज बनीं पेरी (तस्वीर: एक्स/@WPL)

एलिस पेरी WPL इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं, पूरे किए 9,000 टी-20 रन 

Mar 11, 2025
09:47 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की प्रमुख ऑलराउंडर एलिस पेरी ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ नाबाद 49 रन बनाए। उनकी बदौलत RCB ने पहले खेलते हुए 199/3 का स्कोर बनाया। इस बीच वह WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने अपने बेमिसाल टी-20 करियर में 9,000 रन का आंकड़ा भी पारी किया। आइए उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

पारी 

शानदार रही पेरी की पारी 

RCB ने पारी के चौथे ओवर के दौरान 41 रन के स्कोर पर जब अपना पहला विकेट खोया, तब पेरी क्रीज पर आई। अच्छी लय में दिख रही पेरी ने 38 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उन्होंने इस बीच 5 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने कप्तान स्मृति मंधाना (53) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। उन्होंने रिचा घोष (36) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े।

आंकड़े 

WPL में सर्वाधिक रन वाली बल्लेबाज बनीं पेरी 

पेरी अब WPL के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गई है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 25 पारियों में 64.80 की औसत और 132.96 की स्ट्राइक रेट के साथ 972 रन बनाए हैं। पेरी ने दिल्ली कैपिटल्स की मेग लैनिंग को पीछे छोड़ा है। बता दें कि लैनिंग ने 26 पारियों में 40.82 की औसत और 126.89 की स्ट्राइक रेट से 939 रन बनाए थे।

उपलब्धि 

पेरी ने पूरे किए अपने 9,000 टी-20 रन

पेरी महिलाओं की टी-20 क्रिकेट में 9,000 रन बनाने वाली छठी बल्लेबाज बन गईं। उनसे पहले यह उपलब्धि सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड), सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड), बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया), लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) और डैनी व्याट (इंग्लैंड) हासिल कर चुकी हैं। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से 108 पारियों में 30.12 की औसत और 115.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,109 रन बनाए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक भी शामिल हैं।

WPL 2025 

WPL 2025 में पूरे किए अपने 350 रन 

पेरी अब WPL के किसी एक सीजन में 350 रन का आंकड़ा छूने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने इस सीजन में 8 पारियों में 93.00 की औसत और 148.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 372 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 90* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक लगाए हैं। इस सीजन में उनके पिछले 5 स्कोर क्रमशः 90, 0, 60*, 28 और 49 रन है।