
एजबेस्टन टेस्ट: जेमी स्मिथ ने खेली नाबाद 184 रन की पारी, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन में जारी सीरीज के दूसरे टेस्ट में नाबाद 184 रन बनाए। यह उनके युवा टेस्ट करियर का सिर्फ दूसरा शतक है। इस बीच उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर 300+ रन की साझेदारी भी निभाई है। उनकी इस पारी की मदद से इंग्लैंड ने फॉलऑन टालने में सफलता हासिल की है। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही स्मिथ की पारी
स्मिथ जब बल्लेबजाी करने आए तो इंग्लैंड के 5 बल्लेबाज सिर्फ 84 रन पर पवेलियन लौट गए थे। इसके बावजूद उन्होंने संयम नहीं दिखाया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 207 गेंदों में 184 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 21 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 407 रन बनाए।
शतक
इंग्लैंड के लिए तीसरा सबसे तेज शतक
स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक लगाया है। इस सूची में पहले स्थान पर गिल्बर्ट जेसप हैं। उन्होंने साल 1902 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 76 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। बेयरस्टो ने साल 2022 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 77 गेंदों में शतक लगाया था। ब्रूक ने भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में 80 गेंदों में शतक लगाया था।
साझेदारी
ब्रूक और स्मिथ ने साझेदारी में बनाया ये रिकॉर्ड
हैरी ब्रूक (158) और स्मिथ ने मिलकर छठे विकेट के लिए 303 रन की साझेदारी की। यह अब छठे या उससे निचले क्रम में इंग्लैंड की ओर से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। बता दें कि बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन (2016) में 399 रन की साझेदारी की थी। वहीं, जोनाथन ट्रॉट और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ 332 रन जोड़े थे।
साझेदारी
इंग्लैंड की ओर से भारत के खिलाफ तीसरी 300+ रन की साझेदारी
ब्रूक और स्मिथ की जोड़ी अब भारतीय टीम के विरुद्ध 300 से अधिक रन की साझेदारी वाली सिर्फ तीसरी जोड़ी बन गई है। बता दें कि इससे पहले इयान बेल और केविन पीटरसन ने द ओवल (2011) में 350 रन की साझेदारी की थी। वहीं, इससे पहले ग्राहम गूच और एलन लैम्ब की जोड़ी ने लॉर्ड्स (1990) में 308 रन की बड़ी साझेदारी की थी।
जानकारी
भारत ने हासिल की 180 रन की बढ़त
मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी (6/70) के चलते इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में 407 रन बनाए। बता दें कि भारत ने अपनी पहली पारी में 587 रन बनाए थे।