Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत: जेमी स्मिथ ने केवल 80 गेंदों में जड़ा टेस्ट शतक, जानिए उनके आंकड़े 
जेमी स्मिथ ने शानदार शतकीय पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@Cricket_TS)

इंग्लैंड बनाम भारत: जेमी स्मिथ ने केवल 80 गेंदों में जड़ा टेस्ट शतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jul 04, 2025
05:31 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने शानदार शतकीय पारी खेली। इस युवा खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया है। स्मिथ ने भारत के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और सिर्फ 80 गेंदों में ही अपना शतक पूरा किया। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। इस बीच आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही स्मिथ की पारी 

स्मिथ जब बल्लेबजाी करने आए तो इंग्लैंड के 5 बल्लेबाज सिर्फ 84 रन पर पवेलियन लौट गए थे। इसके बावजूद उन्होंने संयम नहीं दिखाया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। स्मिथ ने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर अपनी टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में स्मिथ बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। पहली पारी में उनके बल्ले से 40 और दूसरी पारी में 44* रन निकले थे।

तेज

स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए जड़ा तीसरा सबसे तेज शतक 

स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक लगाया है। इस सूची में पहले स्थान पर गिल्बर्ट जेसप हैं। उन्होंने साल 1902 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 76 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। बेयरस्टो ने साल 2022 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 77 गेंदों में शतक लगाया था। ब्रूक ने भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में 80 गेंदों में शतक लगाया था।

जानकारी

एजबेस्टन में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज 

स्मिथ इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने एजबेस्टन के मैदान पर शतक लगाया है। इससे पहले यह कारनामा एलन नॉट ने किया था। उन्होंने इंग्लैंड के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था।

टेस्ट सीरीज

अपनी पहली टेस्ट सीरीज में छा गए थे स्मिथ 

स्मिथ को जॉनी बेयरस्टो की जगह साल 2024 में इंग्लैंड की टीम में जगह मिली थी। उन्होंने अपनी पहली टेस्ट सीरीज में ही गजब का खेल दिखाया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 3 मैच की 4 पारियों में 51.75 की उम्दा औसत से 207 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा था। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन (280) श्रीलंका के खिलाफ बनाए हैं।

करियर

स्मिथ के टेस्ट करियर पर एक नजर 

स्मिथ ने 10 जुलाई 2024 को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उन्होंने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 51 से ज्यादा की औसत से 800 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 4 उर्धशतक निकले हैं। इस मुकाबले से पहले टेस्ट क्रिकेट में स्मिथ का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111 रन था। उन्होंने यह पारी श्रीलंका के खिलाफ खेली थी।