Page Loader
क्या इंडिया-A की टीम ने की बॉल से छेड़छाड़? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया स्पष्टीकरण 
ईशान किशन और अंपायर के बीच हुई तीखी बहस (तस्वीर: एक्स/@ishankishan51)

क्या इंडिया-A की टीम ने की बॉल से छेड़छाड़? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया स्पष्टीकरण 

Nov 03, 2024
10:16 am

क्या है खबर?

इंडिया-A की टीम को ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से ज्यादा मैच अन्य कारणों से चर्चा का विषय बना। दरअसल, मैच के दौरान इंडिया-A की टीम पर गेंद से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। इसके साथ-साथ मैदानी अंपायर और ईशान किशन के बीच जमकर बहस हुई। अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस पर अपना स्पष्टीकरण दिया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

विवाद

ऐसा है पूरा विवाद 

तीसरे दिन की पहली गेंद से पहले अंपायर ने गेंद बदल डाली, जिससे भारतीय खिलाड़ियों ने निराशा जाहिर की। अंपायर शॉन क्रेग को स्टंप माइक पर यह बताते हुए सुना गया कि गेंद पर खरोंच के निशान है। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों के एक समूह और मैदानी अंपायर शॉन क्रेग के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें विकेटकीपर किशन ने गेंद बदलने के फैसले को 'बेवकूफी भरा' बताया।

किशन 

ईशान किशन और अंपायर के बीच हुई तीखी बहस

जब भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद बदलने के पीछे का कारण जानना चाहा तब, अंपायर क्रेग ने कहा, "इसे खत्म करो हम गेंद बदलते हैं। अब और चर्चा नहीं, चलो खेलते हैं।" इस पर किशन ने जवाब दिया, "तो हम इस गेंद से खेलने जा रहे हैं। यह बहुत ही बेवकूफी भरा फैसला है।" इसके बाद ऐसी खबरें आई कि किशन पर अंपयार के साथ अनुचित व्यवहार के चलते कड़ी कार्यवाई की जा सकती है।

CA 

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया स्पष्टीकरण 

खेल समाप्त होने के कुछ घंटे बाद, CA ने स्पष्टीकरण देते हुए एक बयान जारी किया, जिसमें बॉल से छेड़छाड़ की खबरों को नकार दिया गया। CA ने कहा, "मैच की चौथी पारी में इस्तेमाल की गई गेंद खराब होने के कारण बदल दी गई। दोनों टीमों के कप्तान और मैनेजर को खेल शुरू होने से पहले इस निर्णय के बारे में सूचित कर दिया गया था। आगे कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।"

लेखा-जोखा

इंडिया-A को मिली मैच में हार 

रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में इंडिया-A की पहली पारी सिर्फ 107 रन पर सिमट गई थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया-A की पारी 195 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारत से मुकेश कुमार ने 6 विकेट लिए। इसके बाद इंडिया-A ने अपनी दूसरी पारी में साई सुदर्शन के शतक (103) की मदद से 312 रन का स्कोर बनाया। आखिर में जीत के लिए मिले 225 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया-A ने 3 विकेट खोकर हासिल किया।