LOADING...
भारतीय टीम के साथ जुड़ सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी, BCCI बना रहा है योजना
भारत की टी-20 टीम के साथ काम कर सकते हैं धोनी (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

भारतीय टीम के साथ जुड़ सकते हैं महेंद्र सिंह धोनी, BCCI बना रहा है योजना

Nov 15, 2022
07:48 pm

क्या है खबर?

पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के साथ नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) धोनी को भारत की टी-20 टीम में सुधार के लिए कोई स्थाई जिम्मेदारी दे सकता है। बता दें धोनी पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम के मेंटोर रह चुके हैं। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

धोनी के अनुभव का फायदा उठाना चाहता है बोर्ड

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत को हाल ही में सम्पन्न हुए टी-20 विश्व कप में सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाज अन्य टीमों के मुकाबले धीमी गति से बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। टेलीग्राफ इंडिया के मुताबिक धोनी को टी-20 टीम में जान फूंकने के लिए कोई खास पद मिल सकता है, जिससे भारतीय टीम खुलकर बल्लेबाजी कर सके।

रिपोर्ट

IPL 2023 के बाद सभी तरह के क्रिकेट को अलविदा कह देंगे धोनी?

रिपोर्ट के मुताबिक धोनी IPL 2023 बाद क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है, "BCCI उनके अनुभव और तकनीकी समझ का सही तरीके से उपयोग करने के लिए उत्सुक है। पूर्व कप्तान को खिलाड़ियों के एक विशेष सेट के साथ काम करने के लिए कहा जा सकता है, क्योंकि तीनों प्रारूप को संभालना मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के लिए मुश्किल साबित हो रहा है।"

धोनी

IPL 2023 में कप्तानी करेंगे धोनी

CSK के CEO काशी विश्वनाथ ने स्पष्ट किया है कि IPL 2023 में धोनी टीम की कप्तानी करेंगे। इससे पहले IPL 2022 में शुरुआत में रविंद्र जडेजा ने कप्तानी की थी और आखिरी के कुछ मैचों में फिर से धोनी कप्तान बने थे। पिछले सीजन में CSK ने सिर्फ चार मैच में जीत हासिल की थी। दूसरी तरफ टीम को 10 मैचों में शिकस्त मिली थी। अंक तालिका में CSK नौवें स्थान पर रही थी।

उपलब्धि

धोनी की कप्तानी में भारत ने जीते हैं दो विश्व कप

धोनी विश्व क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने 2007 में खेले गए टी-20 विश्व कप को जीता था। वहीं 2011 में धोनी की कप्तानी में भारत ने 28 साल के इंतजार के बाद अपना दूसरा एकदिवसीय विश्व कप खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी जीता है। वह तीनों ICC ट्राफियां जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं।