कीरोन पोलार्ड ने IPL से संन्यास लिया, MI के कोच की भूमिका में आएंगे नजर

मुंबई इंडियंस (MI) के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में नहीं खेलते दिखेंगे। दरअसल, उन्होंने IPL से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करके यह ऐलान किया है। वह अब MI के साथ बल्लेबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे। पोलार्ड ने 2010 में अपना IPL डेब्यू किया था और एक दशक से ज्यादा समय तक मुंबई की ओर से खेलने के बाद उन्होंने लीग को अलविदा कहा है।
शानदार रहा पोलार्ड का IPL करियर
पोलार्ड ने अपने IPL करियर में 189 मैचों में MI का प्रतिनिधित्व किया है और इस दौरान 28.67 औसत और 147.32 की स्ट्राइक रेट से 3,412 रन बनाए हैं। अपने IPL करियर में उन्होंने 87* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 16 अर्धशतक भी लगाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 69 विकेट लिए हैं। वह रोहित शर्मा के बाद MI की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
कोच की भूमिका में नजर आएंगे पोलार्ड
पोलार्ड ने बताया कि वह बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। उन्होंने अपने संदेश में कहा, 'MI के साथ चर्चा के बाद मैंने अपने IPL करियर को अलविदा कहने का फैसला किया है। मैं IPL में बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाने के साथ-साथ MI अमीरात के लिए खेलने के लिए सहमत हो गया हूं। मेरे करियर का यह अगला अध्याय वास्तव में काफी रोमांचक है, जो मुझे खिलाड़ी से लेकर कोच की भूमिका निभाने में मदद करेगा।'
पोलार्ड का संन्यास का संदेश
💙#OneFamily @KieronPollard55 pic.twitter.com/K5BVlTDeN0
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 15, 2022
MI के साथ पांच बार चैंपियन रह चुके हैं पोलार्ड
पोलार्ड IPL इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं। उन्होंने MI के साथ पांच खिताब भी जीते हैं, जो टूर्नामेंट में किसी भी विदेशी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक हैं। पोलार्ड ने दो चैंपियंस लीग टी-20 खिताब भी जीते। IPL में पोलार्ड (MI) एक फ्रेंचाइजी के लिए 100 से अधिक मैचों में खेलने वाले कुछ खिलाड़ियों में से एक हैं। विराट कोहली (RCB), सुनील नरेन (KKR), जसप्रीत बुमराह (MI), और लसिथ मलिंगा (MI) ऐसा कर चुके हैं।
इस साल अप्रैल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं पोलार्ड
इस साल अप्रैल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पोलार्ड ने 123 वनडे में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक की मदद से 2,706 रन बनाए हैं। इस बीच उनका 94.41 का स्ट्राइक रेट रहा है। वनडे में उन्होंने 55 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ 101 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पोलार्ड ने 135.14 की स्ट्राइक रेट से 1,569 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 4/25 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 42 विकेट लिए हैं।