Page Loader
बतौर कप्तान 6,000 टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने धोनी, कोहली के क्लब में हुए शामिल
तस्वीर- iplt20.com

बतौर कप्तान 6,000 टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने धोनी, कोहली के क्लब में हुए शामिल

May 09, 2022
11:48 am

क्या है खबर?

बीती रात (08 मई) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 55वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को हरा दिया। इस मैच में CSK के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने टी-20 करियर में कप्तान के तौर पर 6,000 रनों का आंकड़ा पार किया है। वह ऐसा कारनामा करने वाले सिर्फ दूसरे कप्तान बने हैं। धोनी के टी-20 करियर पर एक नजर डालते हैं।

CSK बनाम DC

धोनी ने खेली आक्रामक पारी

CSK की पारी के दौरान नंबर पांच पर बल्लेबाजी के लिए आए धोनी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने आठ गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाए। धोनी ने आठ गेंदों में क्रमशः 0, 6, 4, 1, 0, 6, 2 और 2 स्कोर किए। मौजूदा सीजन में धोनी ने फिलहाल 11 मैचों में 32.60 की औसत से 163 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है।

उपलब्धि

कोहली के साथ इस विशेष क्लब में शामिल हुए धोनी

धोनी ने कप्तान के तौर पर अपना 303वां मैच खेला, जिसमें 6,000 रनों का आंकड़ा पार किया। वह विराट कोहली के बाद ये कारनामा करने वाले विश्व के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं। बता दें बतौर कप्तान कोहली ने अब तक 190 मैचों में 43.29 की औसत से 6,451 रन बना लिए हैं। वहीं धोनी ने 38.57 की औसत से 6,017 रन अपने नाम किए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा (4,764) तीसरे सर्वाधिक टी-20 रन वाले कप्तान हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

धोनी टी-20 क्रिकेट में विकेटकीपर के तौर पर 200 कैच पकड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपने टी-20 करियर में 84 स्टम्पिंग भी की है।

टी-20 करियर

शानदार रहा है धोनी का टी-20 करियर

धोनी ने अब तक 358 टी-20 मैचों में 38.16 की औसत और 134.48 की स्ट्राइक रेट से 7,098 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 84 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 28 अर्धशतक भी लगाए हैं। अपने IPL करियर में धोनी ने अब तक 231 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 39.27 की औसत से 4,909 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगा लिए हैं। वह मौजूदा सीजन में अपने 5,000 रन पूरे कर सकते हैं।

क्या आप जानते हैं?

टी-20 में छठे सर्वाधिक रन वाले भारतीय हैं धोनी

धोनी टी-20 क्रिकेट में छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं। बता दें कोहली (10,489) सबसे ज्यादा टी-20 रन वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके बाद रोहित शर्मा (10,093), शिखर धवन (9,156), सुरेश रैना (8,654) और रॉबिन उथप्पा (7,271) हैं।