ILT 20 2025-26: डेजर्ट वाइपर्स ने फाइनल में MI अमीरात को हराते हुए जीता खिताब
क्या है खबर?
इंटरनेशनल लीग टी-20 (ILT 20) 2025-26 के फाइनल में डेजर्ट वाइपर्स ने MI अमीरात को 46 रन से हराते हुए खिताब अपने नाम किया। वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 182/4 का स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान सैम कर्रन का अर्धशतक (74*) शामिल रहा। जवाब में MI के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम 136 रन पर ही सिमट गई। आइए मैच पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा फाइनल
वाइपर्स से फखर जमान (20) और जेसन रॉय (11) अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे। इसके बाद मैक्स होल्डन ने 32 गेंदों पर 41 रन बनाए। वहीं, कप्तान कर्रन ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में MI ने मुहम्मद वसीम (26) और आंद्रे फ्लैचर (10) की सलामी जोड़ी कुछ खास नहीं कर सकी। इसके बाद शाकिब अल हसन (36) और कीरोन पोलार्ड (28) के संघर्ष के बावजूद टीम को हार मिली।
जानकारी
फाइनल में नसीम शाह ने की उम्दा गेंदबाजी
वाइपर्स की जीत में नसीम शाह की अहम भूमिका रही। इस पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के कोटे में 18 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उन्होंने फ्लैचर, टॉम बेंटन और पोलार्ड के रूप में अहम विकेट चटकाए।
कर्रन
कर्रन ने खेली कप्तानी पारी
वाइपर्स ने जब 36 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब कर्रन क्रीज पर आए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 39 गेंदों पर अपना अर्धशतक लगाया। वह 51 गेंदों पर 74 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। कर्रन ने होल्डन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। उन्होंने डैन लॉरेंस के साथ 57 रन की साझेदारी की।
आंकड़े
इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे कर्रन
कर्रन इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 12 पारियों में 49.62 की औसत और 135.49 की स्ट्राइक रेट के साथ 397 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे। MI के मुहम्मद वसीम ने 13 पारियों में 30.83 की औसत से 370 रन बनाए। होल्डन ने 11 पारियों में 39.8 की औसत और 126.40 की स्ट्राइक रेट से 359 रन अपने नाम किए।
आंकड़े
इन गेंदबाजों ने चटकाए सर्वाधिक विकेट
ILT 20 2025-26 में दुबई कैपिटल्स के वकार सलामखेल और अबू धाबी नाइट राइडर्स के अजय कुमार ने संयुक्त रूप से सर्वाधिक 18-18 विकेट लिए। वाइपर्स के खुजैमा तनवीर ने 11 पारियों में 18.43 की औसत और 7.56 की इकॉनमी रेट के साथ 17 विकेट चटकाए। उन्होंने फाइनल में 2 विकेट हासिल किए। नाइट राइडर्स के जेसन होल्डर ने 16.33 की औसत के साथ 10 पारियों में 15 विकेट अपने नाम किए।
जानकारी
डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार जीता खिताब
डेजर्ट वाइपर्स ने पहली बार ILT 20 खिताब जीता है। बता दें कि इससे पहले गल्फ जायंट्स, MI अमीरात और दुबई कैपिटल्स ने 1-1 बार फाइनल जीते हैं।