देवधर ट्रॉफी 2023: रियान पराग लगातार दूसरे शतक से चूके, 95 रन बनाकर आउट हुए
क्या है खबर?
ईस्ट जोन के रियान पराग ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे देवधर ट्रॉफी 2023 के फाइनल मुकाबले में रियान पराग शतक से चूक गए। वह अपने लिस्ट-A करियर के छठे शतक से चूक गए और 95 रन बनाकर आउट हुए।
उनकी पारी के बावजूद ईस्ट जोन को खिताबी मुकाबले में 45 रन से शिकस्त मिली।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही पराग की पारी
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जब ईस्ट जोन ने 72 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवा दिया था, तब पराग बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने कप्तान सौरभ तिवारी के साथ मिलकर पांचवे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की।
इसके बाद उन्होंने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 105 रन जोड़े।
वह 65 गेंदों में 95 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 5 छक्के लगाए।
आंकड़े
देवधर ट्रॉफी 2023 में खूब चला पराग का बल्ला
पराग का बल्ला देवधर ट्रॉफी में खूब चला। उन्होंने इस सीजन में 5 मैचों में 88.50 की अविश्वसनीय औसत और 136.67 की स्ट्राइक रेट के साथ 354 रन बनाए।
इस बीच उनके बल्ले से सर्वाधिक 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाया। वह इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
देवधर ट्रॉफी 2023 में उनके स्कोर क्रमशः 13, 131, 13, 102* और 95 रन रहे।
आंकड़े
पराग के लिस्ट-A करियर पर एक नजर
दाएं हाथ के बल्लेबाज पराग ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में अब तक 48 मैच खेले हैं। 43 पारियों में वह अब तक लगभग 42 के औसत से 1,600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वह 5 शतकों के अलावा अब तक 8 अर्धशतक भी जमा चुके हैं।
इस प्रारूप में उनका उच्चतम स्कोर 174 रन का है।
पराग ने गेंदबाजी में अब तक 50 विकेट अपने नाम किए हुए हैं।
लेखा-जोखा
साउथ जोन ने ईस्ट जोन को हराकर 9वीं बार जीता खिताब
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ जोन टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 328 रन बनाए। टीम की ओर से कुन्नुमल (107) ने सबसे ज्यादा रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी ईस्ट जोन टीम ने 46.1 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 283 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
टीम की ओर से पराग के अलावा कुशाग्र ने 68 रन बनाए। साउथ जोन की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने 3 विकेट लिए।