Page Loader
IPL 2023: नीलामी के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम, जानिए क्या हो सकती है प्लेइंग इलेवन
दिल्ली कैपिटल्स अपने 25 खिलाड़ियों का दल पूरा कर लिया है (तस्वीर:टि्वटर@IPL)

IPL 2023: नीलामी के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम, जानिए क्या हो सकती है प्लेइंग इलेवन

Dec 24, 2022
02:08 pm

क्या है खबर?

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन के लिए शुक्रवार को कोच्चि में मिनी नीलामी का आयोजन किया गया। इस मिनी नीलामी में सभी फ्रेंचाइजियों ने जमकर पैसा बहाया। दिल्ली कैपिटल्स (DC) सात स्लॉट के लिए 19.45 करोड़ की पर्स राशि के साथ नीलामी में उतरी थी। फ्रेंचाइजी ने अपने 25 खिलाड़ियों का दल पूरा कर लिया है। नीलामी के बाद DC की पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

रिटेन

नीलामी से पहले DC ने इन खिलाड़ियों को किया था रिटेन

नीलामी से पहले दिल्ली ने ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, मिचेल मार्श, एनरिक नॉर्खिया, डेविड वार्नर, खलील अहमद, रोवमन पॉवेल, कुलदीप यादव, चेतन सकारिया, मुस्तफिजुर रहमान, कमलेश नागरकोटी, ललित यादव, यश ढुल, प्रवीण दुबे, लुंगी एनगिडी, सरफराज खान, रिपल पटेल और विक्सी ओस्तवाल को रिटेन किया था। दिल्ली ने कप्तान पंत 16 करोड़ रुपये, अक्षर को नौ करोड़ रुपये और पृथ्वी को 7.50 करोड़ रुपये में अपने साथ बरकरार रखा था।

दांव

DC ने नीलामी में इन खिलाड़ियों पर लगाया दांव

DC ने IPL 2023 की नीलामी में मुकेश कुमार (5.5 करोड़ रुपये), राइली रूसो (4.6 करोड़ रुपये), मनीष पांडे (2.4 करोड़ रुपये), फिल सॉल्ट (दो करोड़ रुपये) और इशांत शर्मा (50 लाख रुपये) को अपनी टीम में शामिल किया है। बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले तेज गेंदबाज मुकेश नीलामी में बिकने वाले दूसरे सबसे महंगे भारतीय गेंदबाज बने। मुकेश से अधिक राशि शिवम मावी को प्राप्त हुई, जिन्हें गुजरात टाइटंस (GT) ने 6 करोड़ रुपये में खरीदा।

DC स्क्वाड

ऐसा है DC का पूरा स्क्वाड

नीलामी के बाद DC की पूरी टीम इस प्रकार है:- ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड वार्नर, पृथ्वी शॉ, रिपल पटेल, रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, यश ढुल, मिचेल मार्श, ललित यादव, अक्षर पटेल, एनरिक नॉर्खिया, चेतन सकारिया, कमलेश नागरकोटी, खलील अहमद, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान , अमन खान, कुलदीप यादव, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, इशांत शर्मा, फिल सॉल्ट, मुकेश कुमार, मनीष पांडे, राइली रूसो।

जानकारी

दूसरे राउंड में बिके इशांत शर्मा

भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को नीलामी के पहले राउंड में कोई खरीददार नहीं मिला था। इसके बाद जब दूसरे राउंड में पुनः उनका नाम बोली के लिए आया तो DC ने झट से उनपर 50 लाख रुपये का दांव लगा दिया।

संभावित प्लेइंग इलेवन

ऐसे हो सकती है DC की प्लेइंग इलेवन

अनुभवी वार्नर और पृथ्वी शॉ पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं। रूसो नंबर तीन और पंत नंबर चार पर बल्लेबाजी करने के लिए उतर सकते हैं। टीम के लिए मध्यक्रम में मिचेल मार्श और विस्फोटक बल्लेबाज सरफराज खान बल्लेबाजी करते दिखाई दे सकते हैं। इसके बाद ललित निचले क्रम धमाल मचाते दिख सकते हैं। गेंदबाजी में टीम के पास नॉर्खिया, शार्दुल, खलील और अक्षर के रूप में योग्य खिलाड़ियों की फौज है।