IPL 2022 नीलामी: चेन्नई सुपर किंग्स ने दीपक चाहर को 14 करोड़ रूपये में खरीदा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में भी दीपक चाहर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम से खेलेंगे। उन्हें IPL 2022 की नीलामी में 14 करोड़ रुपये की राशि देकर खरीदा गया है। वह पिछले कुछ सीजन से CSK के प्रमुख गेंदबाज की भूमिका निभाते रहे हैं। दीपक ने पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ी है। उनके IPL करियर और पिछले सीजन में प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
स्विंग गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले दीपक ने अब तक IPL में 63 मैच खेले हैं, जिसमें 29.18 की औसत और 7.80 की इकॉनमी रेट से 59 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देकर चार विकेट लेना रहा है। दीपक ने अपने IPL करियर में अब तक दो बार किसी मैच में चार विकेट भी झटके हैं। दूसरी तरफ बल्ले से उन्होंने 79 रन बनाए हैं।
पिछले सीजन में CSK ने IPL का खिताब अपने नाम किया था। टीम को चैंपियन बनाने में दीपक का भी अहम योगदान रहा था। कप्तान धोनी ने दीपक का उपयोग शुरुआती पॉवरप्ले में बखूबी किया था, जहां उन्होंने टीम को विकेट दिलाए थे। दीपक ने IPL 2021 में 15 मैच खेले और 32.21 की औसत से 14 विकेट लिए थे। वह शार्दुल ठाकुर (21) के बाद CSK के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बने थे।
दीपक के लिए IPL 2019 सबसे सफल सीजन रहा है। उन्होंने उस सीजन में 17 मैचों में 21.90 की औसत और 7.47 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट लिए हैं।
IPL के कार्यक्रम की अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन यह तय है कि कोरोना के प्रभाव के बीच लीग का आयोजन सीमित मैदानों में किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली यह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आगामी सीजन के ग्रुप मैच महाराष्ट्र में खेले जाएंगे। cricbuzz के मुताबिक IPL 2022 की शुरुआत 27 मार्च से हो सकती है और फाइनल मुकालबा मई के आखिर में होने की संभावना है।