Page Loader
IPL 2023: CSK को कई अहम मैच जीताने वाले शिवम दुबे के आंकड़ों पर एक नजर 
शिवम दुबे ने इस सीजन कमाल का प्रदर्शन किया है (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: CSK को कई अहम मैच जीताने वाले शिवम दुबे के आंकड़ों पर एक नजर 

May 30, 2023
05:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने एक बार फिर कमाल किया और पांचवीं बार चैंपियन बनी। इस सीजन टीम के लिए कुछ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और फ्रेंचाइजी को कई मुकाबलों में जीत दिलाई है। शिवम दुबे भी उनमें से एक हैं। उन्होंने इस सीजन फिनिशर की भूमिका निभाई, महेंद्र सिंह धोनी और रविंद्र जडेजा से पहले बल्लेबाजी करने आए और सबका दिल जीत लिया। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

IPL 2023 में कैसा रहा है शिवम का प्रदर्शन? 

शिवम ने इस सीजन 16 मुकाबलों में 38.00 की औसत से 418 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 158.33 की रही है। उन्होंने 3 अर्धशतक भी जमाए हैं। इस सीजन उनके बल्ले से चौके तो सिर्फ 12 निकले हैं, लेकिन उन्होंने इस दौरान 35 छक्के जड़कर अपनी आक्रामकता दर्शा दी। शिवम 3 बार नाबाद भी रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 52 रन रहा है। उन्होंने 264 गेंदों का सामना किया है। उनकी बल्लेबाजी के कारण धोनी को काफी राहत मिली।

करियर

कैसा रहा है शिवम का IPL करियर? 

शिवम ने IPL में 51 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 28.36 की औसत और 141.79 की स्ट्राइक रेट से 1,106 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने करियर में 6 अर्धशतक लगाए हैं। शिवम ने 58 चौके और 73 छक्के भी जड़े हैं। वह अपने IPL करियर में 8 बार नॉटआउट रहे हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 4 विकेट भी झटके हैं, लेकिन इस सीजन उन्होंने गेंदबाजी नहीं की है।

सीजन

पहली बार शिवम ने की इतनी जोरदार बल्लेबाजी

शिवम को धोनी ने खुलकर बल्लेबाजी करने की छूट दे रखी थी। वह उनकी उम्मीदों पर पूरी तरह से खरे उतरे। साल 2019 से IPL खेल रहे शिवम का यह पहला सीजन रहा,जब उन्होंने 400 से ज्यादा रन बनाए। पिछले सीजन उन्होंने 11 मैच में 289 रन बनाए थे। साल 2021 में शिवम के बल्ले से 9 मैच में 230 रन निकले थे। शिवम राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगोलर (RCB) के लिए भी खेल चुके हैं।

जीत

फाइनल मुकाबले में शिवम ने किया कमाल

फाइनल मुकाबले में शिवम नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने 21 गेंद का सामना किया और 32 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 152.38 की रही। इस पारी के दौरान उन्होंने 2 छक्के लगाए। पहले उन्होंने अंबाती रायडू के साथ सिर्फ 23 गेंद में 39 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद रविंद्र जडेजा के साथ 13 गेंद में 22 रन जोड़े और अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। CSK को जीत के लिए 15 ओवर में 171 रन चाहिए थे।