IPL में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैसा रहा है शुभमन गिल का प्रदर्शन?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 51वें मुकाबले में आज गुजरात टाइटंस (GT) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही GT को अपने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वह खराब फॉर्म में चल रहे हैं और पिछले पांच में से तीन पारियों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं। इस बीच गिल के मुंबई के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
Cricketpedia के मुताबिक गिल ने MI के खिलाफ सात मैचों में 23.71 की औसत और 124.81 की स्ट्राइक रेट से 166 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। गिल ने अपने IPL करियर में अब तक 68 मैचों में 30.65 की औसत और 125.16 की स्ट्राइक रेट से 1,686 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 96 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 12 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं।
गिल के सामने जसप्रीत बुमराह कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। बुमराह के खिलाफ गिल ने 20 गेंदों में 24 रन बनाए हैं और इस दौरान एक बार आउट हुए हैं। जयदेव उनादकट के खिलाफ गिल ने धीमी बल्लेबाजी की है। गिल ने उनादकट की 18 गेंदों में एक चौके की मदद से 17 रन बनाए हैं। हालांकि, इस बीच गिल आउट नहीं हुए हैं। पोलार्ड के सामने गिल ने एक गेंद में एक रन बनाया है।
गिल का बल्लेबाजी औसत तेज गेंदबाजी के खिलाफ 30 से नीचे है, लेकिन स्पिनर्स के खिलाफ यह बढ़कर 45 के पार चला जाता है। तेज गेंदबाजों के खिलाफ गिल ने 64 पारियों में 1,099 रन बनाए हैं और 40 बार आउट हुए हैं। दूसरी तरफ स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उन्होंने 132.80 की स्ट्राइक रेट से 587 रन बनाए हैं और इस बीच सिर्फ 13 बार आउट हुए हैं।
मौजूदा सीजन में गिल ने अब तक 10 मैचों में 26.90 की औसत से 269 रन बना लिए हैं। वह इस बीच दो अर्धशतक भी लगा चुके हैं। पिछली पांच पारियों में उनके स्कोर क्रमशः 9, 31, 22, 7 और 0 है।