टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल लाजवाब रहे हैं मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम, जानिए आंकड़े

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लाजवाब प्रदर्शन किया है। इस जोड़ी ने गुरुवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ 158 रनों की साझेदारी करके पाकिस्तान को जीत दिलाई। दिलचस्प बात यह है कि इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रिजवान और बाबर दोनों ही सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। हम इन बल्लेबाजों के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
रिजवान इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 29 टी-20 में 73.66 की औसत से 1,326 रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल के दौरान 1,000 रन पूरे करके उपलब्धि हासिल की थी। रिजवान ने इस साल 104* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ एक शतक और 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने इस साल सबसे ज्यादा 42 छक्के भी लगाए हैं।
रिजवान इस साल 1,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 2019 में 748 रन बनाए थे। बीते गुरुवार को रिजवान एक कैलेंडर वर्ष में 2,000 टी-20 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर के लिए यह साल शानदार बीता है। उन्होंने इस साल 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 37.56 की औसत और 127.58 की स्ट्राइक रेट से 939 रन बनाए हैं और 900 से अधिक रन वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। बाबर ने 2021 में 122 के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और नौ अर्धशतक भी लगाए। उन्होंने इस साल 99 चौके (दूसरे सबसे ज्यादा) और 17 छक्के भी लगाए।
अप्रैल में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 204 रनों के लक्ष्य का पीछा किया।रिजवान ने नाबाद 73 रन बनाए और बाबर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 197 रन जोड़े। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी विकेट के लिए पाकिस्तान की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। टी-20 विश्व कप 2021 में बाबर और रिजवान के बीच हुई 152 रनों की साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी साझेदारी है।
रिजवान और बाबर ने 2021 में 150 से अधिक रनों की चार साझेदारियां की। इस सलामी जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका (197), इंग्लैंड (150), भारत (152 *) और वेस्टइंडीज (158) के खिलाफ इस साल ये कारनामा किया। कुल मिलाकर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों ने 1,473 रन (पांचवें-उच्चतम) साझेदारी में बनाए हैं। रिजवान और बाबर की जोड़ी के नाम छह शतकीय और चार अर्धशतकीय साझेदारी की हैं। उनके सभी छह शतकीय साझेदारी 2021 में आई हैं।